

बीजिंग। चीन ने राष्ट्रपति के लिए दो कार्यकाल की सीमा को समाप्त करते हुए आज नये संवैधानिक बदलावों को मंजूरी प्रदान की। इसके साथ ही शी जिनपिंग के लिए आजीवन देश का राष्ट्रपति बने रहने का रास्ता साफ हो गया है।
मीडिया के सूत्रों के अनुसार चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की हुई वार्षिक बैठक में नए संवैधानिक बदलावों को मंजूरी दी गई।
करीब तीन हजार सदस्यों वाली संसद ‘नेशनल पीपुल्स कांग्रेस’ में संविधान संशोधन प्रस्ताव को पेश किया गया। कुल 2,964 सदस्यों में से केवल दो ने इस प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया जबकि तीन सदस्य मतदान से अनुपस्थित रहे। गौरतलब है कि ‘नेशनल पीपुल्स कांग्रेस’ को अक्सर रबर स्टांप संसद भी कहा जाता है।
इस संवैधानिक बदलाव के साथ ही 64 वर्षीय शी जिनपिंग का आजीवन चीनी राष्ट्रपति बने रहने का रास्ता साफ हो गया है। अभी उनका दूसरा कार्यकाल चल रहा है जो 2023 में समाप्त होगा।