

मैसुरू | कर्नाटक में मैसुरु के संदवेदनशील उदयगिरि क्षेत्र में दो समुदायों के बीच संघर्ष में 12 लोगों के घायल होने के बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। घायलों में एक इंस्पेक्टर समेत कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
दो समुदायों के बीच शुक्रवार रात तनाव उस समय व्याप्त हो गया जब कठुआ दुष्कर्म एवं हत्या मामले को लेकर लोगों का एक समूह विरोध प्रदर्शन करते हुए दुकानों और कुछ प्रतिष्ठानों को बलपूर्वक बंद करनवाने की कोशिश कर रहा था। प्रदर्शनकारियों को ऐसा करने से रोकने की कोशिश कर रहे विजयनगर पुलिस थाना के इंस्पेक्टर अनिल कुमार और पुलिसकर्मियों पर भीड़ ने पथराव किया। पथराव से बचने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज का सहारा लिया।
पथराव में घायल हुए इंस्पेक्टर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के तुरंत बाद मैसुरू-कोदागु के सांसद प्रताप सिम्हा और भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेता मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की।पुलिस की एक टुकड़ी ने आज सुबह उदयगिरि क्षेत्र और उससे लगे शांतिनगर और कयातिमारनाहली इलाकों में मार्च किया तो खामोशी पसरी थी। लोगों में विश्वास बहाली को लेकर पुलिस और सशस्त्र कमांडो बल के जवानों ने रूट मार्च किया।