

अजमेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज एक घंटे के अल्प प्रवास पर यहां पहुंचकर स्थानीय कायड़ विश्राम स्थली स्थित ‘सत्याग्रह छावनी’ पंडाल पहुंचकर कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अधिवेशन में शिरकत की। उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा भी रहे।
उन्होंने पंडाल में पहुंचकर गुरुवार को आ रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लंबे अरसे के बाद सेवादल का अधिवेशन होने जा रहा है। जिसको लेकर सेवादल सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

गहलोत ने कहा कि कल राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेश व मार्गदर्शन देंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी के आगमन को लोकसभा चुनाव 2019 का आगाज माना जाए। गहलोत ने जवाब दिया कि आगाज तो हो चुका है। अब लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ रहे है। अंधेरा होने के चलते समयाभाव के कारण गहलोत व पायलट वापस जयपुर लौट गए।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस 2019 के चुनाव में एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में है। सेवादल के राष्ट्रीय संगठक लालजी देसाई ने आज कायड़ विश्राम स्थली पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द की नगरी अजमेर में चल रहे दो दिवसीय सेवादल के राष्ट्रीय अधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कल नए भारत की सोच को लेकर घोषणापत्र को जारी करेंगे।
यह घोषणापत्र कमोबेश चुनावी घोषणापत्र ही होगा। उन्होंने कहा कि सेवादल देश की शांति की सेना है और हमारी लड़ाई काली टोपी वालों के साथ वैचारिक लड़ाई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री के हवाईपट्टी पहुंचने पर अगुवानी करने वालों में प्रभारी अविनाश पाण्डे, चिकित्सा एवं जन सम्पर्क मंत्री रघु शर्मा, मसूदा विधायक राकेश पारीक, पूर्व सांसद प्रभा ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री नसीम अख्तर, पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत, डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, ललित भाटी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, इंसाफ अली, संभागीय आयुक्त एनएल मीना, पुलिस महानिरीक्षक संजीव नार्जरी, कलक्टर विश्व मोहन शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप, अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक बीएम भामू, अतिरिक्त कलक्टर अबु सूफियान चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।