Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
अशोक गहलोत का दावा, निकाय चुनाव कांग्रेस जीतेगी - Sabguru News
होम Headlines अशोक गहलोत का दावा, निकाय चुनाव कांग्रेस जीतेगी

अशोक गहलोत का दावा, निकाय चुनाव कांग्रेस जीतेगी

0
अशोक गहलोत का दावा, निकाय चुनाव कांग्रेस जीतेगी

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा करते हुए कहा है कि जिस तरह राष्ट्रवाद की हवा बनाई गई थी, जनता अब उसे समझ चुकी है और प्रदेश में निकाय चुनाव में कांग्रेस जीतेगी।

गहलोत ने आज यहां एकल नारी शक्ति संगठन की 20वीं वर्षगांठ समारोह के अवसर पर मीडिया से कहा कि जिस तरह राष्ट्रवाद की हवा बनाई गई लेकिन जनता सब समझती है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि पहले धर्म के नाम पर थे, अब राष्ट्रवाद पर आ गए, लम्बे समय तक ये चीजें चलने वाली नहीं हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव में इनकी पोल खुल चुकी है, जनता बेहद समझदार है। आप देखेंगे कि आने वाले समय में जनता समझदारी का और परिचय देगी और निकाय चुनाव में हम लोग जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि जनता को हमारे ऊपर विश्वास है। अभी दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हुए। इनमें मण्डावा में हमारी बड़ी जीत हुई है और खींवसर में हम लोग हारे नहीं हैं, करीब 55 हजार की लीड लगभग साढ़े चार हजार पर आ गई, आप समझ सकते हैं कि जनता ने हमारा पूरा साथ दिया है।

इससे पहले कायक्रम में गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे उस समय 73वां एवं 74वां संविधान संशोधन हुआ, उसके फलस्वरूप महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है, वे वार्ड पंच सरपंच, प्रधान, प्रमुख, मेयर बन सकी हैं, उसके बाद लगातार बदलाव आ रहा है। महिलाओं को हर तरह सशक्त करना हमारी जिम्मेदारी है और उसी रूप में हमने योजना लागू की हैं। समाज को एक महिला को घूंघट में कैद करने का अधिकार नहीं है, नारी को घूंघट में कैद नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा कि नारी को जब दुर्गा कहते हैं तो उसकी भी देश के निर्माण में भागीदारी होनी चाहिए, अब ज़माना बदल चुका है, हिम्मत और हौसले के साथ महिलाओं को आगे बढ़ना होगा, सरकार आपको हमेशा साथ खड़ी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के लिए अनगिनत काम किए, फिर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंदिरा गांधी का नाम लेने में संकोच करते हैं जबकि अटलजी ने इंदिरा गांधी को दुर्गा का रूप बताया था। उन्होंने महिलाओं को दुर्गा का रूप बताते हुए कहा कि इनके अंदर काम करने का और संघर्ष करने का जज़्बा है, संघर्ष का जो जज़्बा इंदिरा गांधी में था, मेरा मानना है कि वह देश की प्रत्येक नारी में होना चाहिए, तभी देश आगे बढ़ेगा।