Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
CM Ashok Gehlot visits jodhpur-पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को बनाया संस्थागत : अशोक गहलोत - Sabguru News
होम Headlines पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को बनाया संस्थागत : अशोक गहलोत

पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को बनाया संस्थागत : अशोक गहलोत

0
पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को बनाया संस्थागत : अशोक गहलोत

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की पूर्ववर्ती भारतीय जनता पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार को संस्थागत बना देने एवं बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार बदले की भावना से कोई काम नहीं करेगी और प्रदेश में विकास को आगे बढाएगी।

गहलोत आज यहां घंटाघर में धन्यवाद जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने विधानसभा चुनाव में साथ निभाने के लिए जनता का आभार जताते हुए कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार किसी बदले की भावना से कोई काम नहीं कर रही हैं और वह गरीब, आदिवासी, युवाओं सहित सभी वर्ग का ध्यान रखते हुए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने पांच साल के शासन में जोधपुर की उपेक्षा की और यहां कोई काम नहीं कराया इसके लिए वह चिंतित रहते थे।

उन्होंने कहा कि इससे पहले वह दो बार मुख्यमंत्री बन गये, इस कारण श्रीमती राजे ने जोधपुर की उपेक्षा की और बदले की भावना के साथ काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जोधपुर के नेताओं को षडयंत्र कर फंसाया गया। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी सहित कई काम नहीं कराए गए जबकि मैंने मुख्यमंत्री रहते कई काम कराए गए जो उदाहरण बने। उन्होंने कहा कि राजे ने पांच वर्ष लापरवाही के साथ काम किया और भ्रष्टाचार को संस्थागत बना दिया था। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपए का कर्ज छोड़कर गई हैं।

उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर भाजपा ने जनता को धोखा दिया हैं। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि वह जिन्दगी में कभी गलत काम नहीं करेंगे और जनता के विश्वास से विकास का काम किया हैं और प्रदेश में विकास को आगे बढाया जाएगा। उन्होंने पूर्ववर्ती राज्य सरकार पर कांग्रेस सरकार की योजनाओं को कमजोर करने का आरोप भी लगाया।

गहलोत ने कहा कि उनकी कांग्रेस सरकार को अभी सवा महीना हुआ है और उसने जनता के हित में कई फैसले किये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के कर्ज माफी पर गंभीरता से काम कर रही है और जल्द ही बेरोजगारों को भत्ता देने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीपीएल लोगों को एक रुपए किलो गेंहू भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता से किए वादे पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार पर भी चुनाव के समय जनता से किए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोग एक दूसरे को पूछते ही रहे कि उनके खाते में पन्द्रह लाख रुपए आएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुक्त की बात की जा रही है जबकि कांग्रेस को मुक्त करने वाले खुद मुक्त हो जाएंगे।