Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
2030 तक राजस्थान को देश का नंबर एक राज्य बनाना ही लक्ष्य : अशोक गहलोत - Sabguru News
होम Rajasthan Bhilwara 2030 तक राजस्थान को देश का नंबर एक राज्य बनाना ही लक्ष्य : अशोक गहलोत

2030 तक राजस्थान को देश का नंबर एक राज्य बनाना ही लक्ष्य : अशोक गहलोत

0
2030 तक राजस्थान को देश का नंबर एक राज्य बनाना ही लक्ष्य : अशोक गहलोत

भीलवाड़ा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश को शिक्षित और स्वस्थ बनाना ही राज्य सरकार का प्रमुख उद्देश्य बताते हुए कहा है कि वर्ष 2030 तक प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाने का लक्ष्य है।

गहलोत मंगलवार को भीलवाड़ा के दशहरा मैदान में आयोजित महंगाई राहत कैम्प के अवलोकन के बाद आमजन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभान्वित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि 2030 तक राजस्थान को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने बिशनिया (कोटड़ी) में महंगाई राहत शिविर व प्रशासन गांवों के संग शिविर का भी अवलोकन किया। गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने गत वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की है वो बेमिसाल है। राजस्थान देश का पहला राज्य है जहां जनता की सहूलियत के लिए महंगाई राहत कैम्प जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। राज्य सरकार की योजनाओं से आमजन पर महंगाई का भार कम होगा।

उन्होंने कहा कि राजस्थान अपनी योजनाओं के कारण मॉडल स्टेट बन रहा है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में नवीन महाविद्यालय खोले गए हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में सरकार द्वारा उल्लेखनीय कार्य करने के कारण मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी आई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, बिजली, सड़क सहित आधारभूत सुविधाओं के साथ आर्थिक विकास में भी राज्य नये आयाम छू रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई राहत शिविरों के माध्यम से अंतिम छोर तक के व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के प्रयास हो रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास रहेगा कि कोई भी व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित ना रहे।

गहलोत ने कैम्प अवलोकन के दौरान लाभार्थियों से संवाद किया तथा योजनाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड सौंपे। शिविर में उपस्थित लाभार्थियों ने महंगाई के इस दौर में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रही राहत के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने आमजन की मांग पर शहर के जवाहर नगर में जनता क्लिनिक खोलने की भी घोषणा की।