Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Cm Gehlot inaugrated Sheoganj congress office online - Sabguru News
होम Latest news CM के सामने एकमंच पर नजर आए सिरोही कांग्रेस के सभी नेता, शिवगंज कांग्रेस कार्यालय उदघाटन

CM के सामने एकमंच पर नजर आए सिरोही कांग्रेस के सभी नेता, शिवगंज कांग्रेस कार्यालय उदघाटन

0
CM के सामने एकमंच पर नजर आए सिरोही कांग्रेस के सभी नेता, शिवगंज कांग्रेस कार्यालय उदघाटन
शिवगंज के कांग्रेस कार्यालय के उदघाटन के दौरान उपस्थित सिरोही कांग्रेस के नेता।
शिवगंज के कांग्रेस कार्यालय के उदघाटन के दौरान उपस्थित सिरोही कांग्रेस के नेता।
शिवगंज के कांग्रेस कार्यालय के उदघाटन के दौरान उपस्थित सिरोही कांग्रेस के नेता।

सबगुरु न्यूज- शिवगंज। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सिरोही विधायक संयम लोढ़ा के प्रयासों के वर्षो पूर्व कांग्रेस कार्यालय के लिए आवंटित भूमि पर कांग्रेस कार्यालय भवन का निर्माण नि:संदेह प्रदेश ही नहीं अपितु देश भर के तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरणा का संदेश देगा।

मुख्यमंत्री गहलोत शनिवार को शिवगंज में नवनिर्मित कांग्रेस कार्यालय के भवन का ऑनलाइन शुभारंभ करने के बाद उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अजय माकन थे। अति विशिष्ठ अतिथि के रूप में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य के शिक्षा मंत्री गोविन्दसिंह टोडासरा, केबिनेट मंत्री शांति धारीवाल, राज्य सभा सांसद नीरज डांगी उपस्थित थे।समारोह की अध्यक्षता विधायक संयम लोढ़ा ने की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यालय जरुरतमंद व गरीब लोगों को उन्हें होने वाली परेशानियों से निजात दिलवाने के लिए मददगार साबित होकर जन आस्था का केन्द्र बने। मुख्यमंत्री ने लंबे समय के बाद जिले के तमाम कांग्रेस नेताओं को एकजूट कर एक मंच पर लाने के लिए विधायक लोढा को साधुवाद देते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि सिरोही जिले में कांग्रेस की एकता का सूत्रपात हो गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश में ७० साल तक सत्ता में रही। इस दरम्यान हमारा ध्यान देश के विकास की तरफ ही रहा। इस अवधि में पार्टी कार्यालयों के लिए भूखंडों का आवंटन भी हुआ। मगर कई जगहों पर विवाद अथवा अन्य किसी कारणों से भवन का निर्माण नहीं हो सका है।

शिवगंज में भी जिस जमीन पर विधायक लोढ़ा के प्रयासों से यह भवन तैयार हुआ है उसके लिए भूमि का आवंटन वर्ष 1948 में स्वतंत्रता सेनानी देवीचंद जैन की ओर से किया गया था,मगर इतने वर्षो में पार्टी कार्यालय भवन का निर्माण नहीं हो सका। लेकिन विधायक लोढ़ा की यह दृढ इच्छाशक्ति कि यहां कांग्रेस कार्यालय का भवन होना चाहिए। उसी का परिणाम है कि आज यहां पार्टी कार्यालय भवन का शुभारंभ हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन नि:संदेह कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का संदेश देगा। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज जहां भी भाजपा के कार्यालयों का निर्माण हो रहा है उसके लिए सारा पैसा केन्द्र की ओर से आ रहा है, जो नोटबंदी के दौरान इकठ्ठा किया गया है। लेकिन कांग्रेस पार्टी कार्यालय के लिए जनता से चंदा एकत्रित कर निर्माण करवाएगी। मुख्यमंत्री ने पीएम केयर फंड पर भी सवाल उठाए।

भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा

मुख्यमंत्री गहलोत ने भाजपा को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि आज देश में अलोकतांत्रिक तरीके से सरकार चल रही है। लोगों को जाति, धर्म व संप्रदाय के आधार पर भडकाया जा रहा है। आज देश को एकजूट रखना सबसे बड़ी चुनौती है। विभिन्न राज्यों में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई जनता की सरकारों को गिराने का षडयंत्र रचा जा रहा है।
उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार पर राज्य की जनता की ओर से चुनी गई कांग्रेस सरकार को गिराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की जनता ने यह सब कुछ देखा है कि किस तरह के षडयंत्र रचे जा रहे थे। लेकिन प्रदेश की जनता के प्रेम और समर्थन की वजह से भाजपा अपने इस मकसद में कामयाब नहीं हो सकी।

जनता की आस्था के केन्द्र बने कार्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस को मजबूत बनाना है तो अन्याय, अत्याचार, उत्पीडन के खिलाफ लडना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यालय जरुरतमंद व गरीब लोगों की सहायता के लिए कार्य करे तथा उन्हें न्याय दिलवाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें। यदि इस कार्य में लगे रहे तो फिर जनता को धर्म व सम्प्रदाय के आधार पर भडकाने वालों के षडयंत्र सफल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा करना कांग्रेस के संस्कार है।

सामाजिक सुरक्षा के लिए किया बेहतर कार्य

इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढ़ा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने सामाजिक सुरक्षा को लेकर बेहतर कार्य किया है। कांग्रेस सरकार की ओर से जनता के हित के लिए किए गए कार्यो का ही परिणाम है कि प्रदेश में नगर निकाय व नगर परिषद सहित नगर निगम के चुनावों में अधिकांश स्थानों पर कांग्रेस के बोर्ड बने है।

विधायक ने कहा कि सिरोही विधानसभा क्षेत्र में भी शिवगंज और सिरोही में कांग्रेस के बोर्ड बने उस समय से ही यह संकल्प ले लिया गया था कि इन दोनों स्थानों पर कांग्रेस कार्यालय के लिए भवन का निर्माण होना चाहिए। इस दिशा में कार्य करते हुए शिवगंज में स्वतंत्रता सेनानी देवीचंद जैन की ओर से वर्ष 1948 में आवंटित भूखंड पर कार्यालय भवन का निर्माण करवाया गया है। जबकि सिरोही में भूखंड के लिए सिरोही सभापति मनू मेवाडा ने भूखंड उपलब्ध करवाने की घोषणा की है।

इस मौके पर विधायक लोढ़ा ने अपने राजनीतिक सफर में मुख्यमंत्री गहलोत के सहयोग का जिक्र करते हुए उन्हें जमीन से जुड़ा जनसेवक बताया। साथ ही आग्रह किया कि वे अपने राजनीतिक जीवन पर एक पुस्तक भी लिखें जो भविष्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक साबित हो।

विधायक लोढ़ा ने राज्य में उत्पन हुए राजनीतिक गतिरोध के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत के धैर्य और संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक समझ एवं विपरित परिस्थितियों में धैर्य पूर्वक कार्य करने की क्षमता की वजह से ही राज्य में कांग्रेस की सरकार को कोई गिरा नहीं पाया। विधायक ने कहा कि यह समय निराश होने का नहीं बल्कि कांग्रेस को एकजुट कर देश को बचाने का समय है।

जरुरतमंद का हो पहला और आखरी पड़ाव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने विधायक लोढ़ा को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यालय प्रत्येक जरुरतमंद व्यक्ति का पहला और आखरी पड़ाव साबित हो। ऐसे प्रयास किए जाए कि कांग्रेस की भावना के अनुरूप चौबीस घंटे यहां से प्रत्येक जरुरतमंद व्यक्ति को राहत तथा लाभ मिले।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्दसिंह टोडासरा एवं केबिनेट मंत्री शांति धारीवाल ने भी विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनको बधाई देते हुए कहा कि यह भवन प्रदेश में सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी बने तथा सभी स्थानों पर इस तरह से कांग्रेस कार्यालय भवन का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि इसके लिए भूमि आवंटन की पॉलिसी भी बनी हुई है जिसका फायदा सभी पार्टियों को होगा।

नारियल फोड़ किया भवन में प्रवेश

इससे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ऑनलाइन फीता काटकर कांग्रेस कार्यालय के नवीन भवन का शुभारंभ किया। समारोह के पश्चात विधायक संयम लोढ़ा सहित पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोडकर विधिवत भवन के भीतर प्रवेश किया। समारोह के प्रारंभ में पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची ने जिले भर से आए सभी कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं पूर्व पदाधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचेतक एवं पूर्व विधायक रतन देवासी, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजेन्द्र सांखला, पूर्व जिलाध्यक्ष गंगा बेन गरासिया, निर्वतमान जिलाध्यक्ष जीवाराम आर्य, पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा, चंदनसिंह देवडा, केसरीमल गमेती, पूर्व विधायक लालाराम गरासिया, पूर्व युटीआई अध्यक्ष हरीश चौधरी, सिरोही सभापति महेन्द्र मेवाडा, सिरोही के पूर्व प्रधान नीतिराजसिंह देवडा, पूर्व विधायक लालाराम गरासिया, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य रंजू रामावत, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती हेमलता शर्मा मौजूद थे।

ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हरीश राठौड, सिरोही ब्लॉक के कार्यकारी अध्यक्ष किशोर पुरोहित, पिंडवाडा ब्लॉक के कार्यकारी अध्यक्ष प्रेमाराम देवासी, आबूरोड़ ब्लॉक के कार्यकारी अध्यक्ष नसीर खान, जितेन्द्र सिंघी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुरेशसिंह राव सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।