
अजमेर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी हेमन्त भाटी के मुख्य चुनाव कार्यालय का विधिवत उदघाटन किया। प्रकाश रोड नगरा स्थित नानकी भवन में पार्टी के अजमेर प्रभारी पंडित सुरेश मिश्रा तथा अजित आजाद ने सैकडों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में फीता काटकर कार्यालय का श्रीगणेश किया।
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय जैन ने उपस्थित कांग्रेस कायकर्ताओं का आहवान किया कि समय आ गया है कि पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए अधिकाधिक समय प्रचार में लगाएं। समूचे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है। इसमें अजमेर दक्षिण की सीट से सर्वाधिक मतों से जीत हो ऐसा सबका प्रयास रहना चाहिए।
अजमेर प्रभारी मिश्रा ने कहा कि गत लोक सभा उप चुनाव में भी आपका पार्टी के प्रति अपनत्व के जज्बे की बदौलत हमारे प्रत्याशी रघु शर्मा सांसद बनकर जिले की आवाज उठाने के लिए लोकसभा में पहुंचे। इस बार विधानसभा में हेमन्त भाटी अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचेंगे। भाटी विधानसभा में हमारे जनप्रतिनिधि के रूप में पहुंचे इसके लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुट जाना है।
यहां सैकडो की तादाद में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति हमारी जीत का पहला पडाव है। आगे भी हमें पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हेमन्त भाटी को विजयी बनाना है।
प्रभारी आजाद ने अपने हास्य कवि वाले अंदाज में कार्यकर्ताओ को गुदगुदाते हुए कहा की वर्तमान चुनावों महज कांग्रेस और बीजेपी के बीच नहीं बल्कि यह तो 125 साल पुरानी कांग्रेस की लोकतांत्रिक विचारधारा और भाजपा के भीडतंत्र, सत्याग्रह के सामने हत्यातंत्र के बीच की जंग है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार बेटी बचाओ का नारा दे रही है। उसी सरकार के खास नुमाइंदे नाबालिग लडकियो के साथ अत्याचार करने वालों के पक्ष में खडी नजर आती है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार के कार्यकाल में गरीब, मजदूर, किसान, दलित, अल्पसंख्यक तथा सर्वणों के हितों में बनाई गई योजनाओं को वर्तमान सरकार ने बंद करवा दिया। जिससे आज राशन कार्ड पर पेट भरने के लिए राशन मिलना भी मुश्किल हो गया।
कांग्रेस प्रत्याशी हेमन्त भाटी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, राष्ट्रीय महासचिव तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आप लोगों के विश्वास के साथ मुझे दक्षिण क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया, क्योंकि आप लोगों ने ही तीन साल पहले नगर निगम के चुनाव में 18 वार्डों से कांग्रेस के पार्षदों को विजयी बनाया।
लोकसभा उपचुनाव में भी मेहनत और निष्ठा के साथ भाजपा का सफाया करते हुए रघु शर्मा को सांसद बनाकर दिल्ली भेजा। इस बार भी कांग्रेस को विजयश्री दिलाने की जिम्मेदारी आप सभी की है। भाटी ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दूंगा। हमेशा ही आपके बीच मेें रहा हूं और आगे भी रहूंगा।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि 26 नवम्बर को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अजमेर आ रहे हैं। हम सभी कार्यकर्ता हजारों की संख्या में उनका स्वागत करने को राजा साइकिल चौराहा पर उपस्थित रहें। समारोह का संचालन शेलेन्द्र अग्रवाल ने किया तथा पूर्व पार्षद एवं महासचिव विजय नागोरा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
चौरडिया और सुरेन्द्र ने थामा कांग्रेस का दामन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में एडवोकेट घनश्याम चौरडिया तथा सुरेन्द्र सिंह ने अपने साथियो के साथ भाजपा को छोड कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। दोनों का अजमेर प्रभारी पण्डित सुरेश मिश्रा, आजाद, कांग्रेस प्रत्याशी भाटी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने माला पहनाकर स्वागत किया।

जनसंपर्क और प्रचार चढा परवान, रैली निकाली
अजमेर दक्षिण विधानसभा चुनाव को गति देते हुए शनिवार को वार्ड 28 स्थित आदर्श नगर में अन्य पिछडा वर्ग के अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल ढमाको के साथ घर घर जाकर जनसम्पर्क किया और कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। इसी तरह शाम 6 बजे 7 पीपली बालाजी मंदिर से सैकडों कार्यकर्ताओं ने लावण्या भाटी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रत्याशी हेमन्त भाटी के समर्थन में पर्वतपुरा तक विशाल रैली निकाली। रैली में सुनील लारा, मोहित मल्होत्रा, मनीष सेन, हिमांशु वर्मा, ईश्वर राजोरिया सहित सैकडों कार्यकर्ता और पदाधिकारी
सम्मिलित हुए।

महिला कार्यकर्ताओं ने भी घर घर जाकर मांगे वोट
इसी प्रकार सुनिता भाटी और अल्का भाटी के नेतृत्व में धोलाभाटा, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, नागबाई, आनन्द पुरी, सिदार्थ नगर, धोलाभाटा रोड सहित आस पास के क्षेत्रों में महिला कांग्रेस कार्यकताओं के साथ सघन जनसम्पर्क किया और कांग्रेस प्रत्याशी हेमन्त भाटी को वोट देने की अपील की। इस मौके पर वत्सला प्रभु, हेमलता, पाची देवी, रेखा, गीता देवी, हेमलता मितल, सहित बडी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
चुनाव कार्यालय खुलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गुलजार हुआ नानकी भवन