

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुद्दे पर सोमवार को सदन में हंगामा कर रहे कांग्रेस के दो सदस्यों को लोकसभा अध्यक्ष ने सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया और इसके बाद दोनों ने मार्शलों के साथ धक्का-मुक्की की जिससे सदन में हँगामा बढ़ने पर कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होते ही कांग्रेस के सदस्य महाराष्ट्र के मुद्दे पर हंगामा करने लगे। वे हाथों में प्लेकार्ट लेकर नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के समीप आ गये। केरल के एर्नाकुलम से कांग्रेस सदस्य हीबी ईडन और केरल के ही त्रिसूर से पार्टी के सदस्य टी.एन. प्रतापन बड़ा सा बैनर लेकर सदन के बीचों-बीच आ गए जिस पर “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” का नारा लिखा हुआ था।
अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें दो-तीन बार चेतावनी देते हुए यह बैनर सदन से बाहर ले जाने को कहा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा “मैं नाम लेकर चेतावनी दे रहा हूँ, हीबी ईडन और प्रतापन, आप इसे लेकर बाहर जायें।” लेकिन जब उनकी चेतावनी को कोई असर नहीं हुआ तो अध्यक्ष ने दोनों को सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया।
मार्शलों ने जब दोनों कांग्रेसी सदस्यों को सदन से बाहर निकालने की कोशिश की तो उन्होंने मार्शलों के साथ भी धक्का-मुक्की की। इस बीच अन्य कांग्रेसी सदस्यों की नारेबाजी चलती रही। पार्टी के दो सदस्यों को बाहर निकालने का आदेश देने के बाद वे औरजोर-जोर से नारे लगाने लगे। हँगामा बढ़ता देख बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।