

अजमेर | अजमेर के सांसद रघु शर्मा के नेतृत्व में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पानी बिजली की आपूर्ति की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
सांसद रघु शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर मटका फोड़ कर विरोध दर्ज कराया ओर सरकार विरोधी नारे लगाये। इस अवसर पर सांसद डॉ. रघु शर्मा ने राज्य सरकार पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है, ओर वह अपना नियंत्रण खो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता पानी के लिए त्राही-त्राही कर रही है और भाजपा सरकार पानी और बिजली देने में पूरी तरह नक्कारा साबित हो रही है।
प्रशासन झूठे आंकड़े पेश कर सरकार और जनता को गुमराह कर रहा है। जलदाय महकमा पूरी तरह फेल है। उन्होंने सरकार पर शहर को स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाते हुये कहा कि सरकार स्मार्ट सिटी के मूल बिंदुओं को ही नजर अंदाज कर जनता को गुमराह कर रही है।