
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने किसान कर्जमाफी को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रधानमंत्री को लिखे पत्र पर कहा कि अपनी जिम्मेवारी केन्द्र सरकार पर डाल कर गहलोत ने स्वीकार कर लिया कि चुनाव के समय उन्होंने झूठ बोलकर किसानों को ठगा था।
डाॅ. पूनियां ने आज यहां एक बयान में कहा कि प्रदेश के विधानसभा चुनाव प्रचार में किसानों का वोट लेने के लिए राहुल गांधी और गहलोत ने उससे वादा किया था कि सरकार में आए तो प्रदेश के सभी किसानों का सम्पूर्ण कर्जा सरकार बनने के 10 दिन में माफ कर देंगे।
उनकी बात का भरोसा कर प्रदेश के किसानों ने उन्हें वोट दिया, परन्तु सरकार बनने के दो साल में भी एक लाख करोड़ के कर्ज में से मात्र सात हजार करोड़ का कर्ज किसानों का प्रदेश की सरकार ने माफ किया जो कि किसानों पर कुल कर्ज का सात प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि गहलोत तुरन्त प्रभाव से अपनी सरकार के खजाने से प्रदेश के किसानों के कर्ज की राशि वाणिज्यिक एवं राष्ट्रीयकृत बैंकों में जमा करवाकर अपना वादा पूरा करना चाहिए, नहीं तो नैतिक आधार पर पद छोड़ देना चाहिए।