Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ जयपुर में पैदल मार्च - Sabguru News
होम Breaking कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ जयपुर में पैदल मार्च

कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ जयपुर में पैदल मार्च

0
कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ जयपुर में पैदल मार्च

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस के लोगों ने आज राजधानी जयपुर में देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में पैदल मार्च निकाला।

देश में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सहित सभी दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के तहत डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जयपुर के स्टेच्यू सर्किल से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक महंगाई के विरोध में पैदल मार्च आयोजित कर प्रदेश में सप्ताह भर चलने वाले जन जागरण अभियान की शुरूआत की।

पैदल मार्च में परिवहनमंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, सरकारी मुख्य सचेतक डा महेश जोशी सहित अन्य कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पैदल मार्च के समापन के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, डोटासरा सहित अन्य कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर पंडित नेहरु की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर खाचरियावास, डॉ. जोशी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हरिमोहन शर्मा, राजेन्द्र चौधरी, महासचिव रीटा चौधरी, सचिव मुख्यालय ललित तूनवाल, रामसिंह कस्वां, सचिव प्रतिष्ठा यादव तथा अन्य कई कांग्रेस नेताओं ने भी पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पंडित नेहरू के भारत की आजादी के आंदोलन में किए गए योगदान एवं आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका से अवगत कराने के लिए पुरस्कृत शिक्षक फोरम राजस्थान के महामंत्री रामेश्वर प्रसाद शर्मा द्वारा भारत की आजादी और नव निर्माण में नेहरू जी का योगदान विषय पर एक दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका शुभारम्भ गहलोत एवं डोटासरा ने किया।