

सबगुरु न्यूज-सिरोही। जिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गुरुवार को सिरोही आगमन से पहले ऐसा काम कर दिया कि जिला प्रशासन और भाजपा दोनों में हड़कम्प मच गया है।
कांग्रेस ने जिले में प्रशासन, पुलिस और भाजपा के द्वारा फैलाए जा रहे भ्रष्टाचार का होर्डिंग्स छपवाकर उन स्थानों पर लगवा दिया है जहां से मुख्यमंत्री को निकलना है। कांग्रेस के इस कदम से स्थानीय प्रशासन और भाजपा दोनों में ही हड़कम्प है। स्थानीय प्रशासन कांग्रेस पर उनकी पोल खोलने वाले इन होर्डिंग्स को हटाने का जबरदस्त दबाव बना रहा है।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरुवार को राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान सिरोही आ रही हैं। सिरोही वह अरविंद पेवेलियन में सभा करेंगी। सभा स्थल पर जाने के लिए उन्हें गोयली चैराहे से गुजरना होगा। कांग्रेस ने यहां पर भाजपा सरकार की उपलब्धियों व स्थानीय जिला भाजपा द्वारा लगाए स्वागत के होर्डिंग्स से साथ ही जिले में पिछले पांच सालों में हुए प्रशासनिक भ्रष्टाचारों की खबरों का होर्डिंग बनाकर यहां लगवा दिया है, इस बैनर में सबसे उपर मुख्यमंत्री जवाब दो, जवाब दो लिखा है।
नीचे अखबारों में प्रकाशित समाचारों की प्रिंट्स हैं। वहीं एक अन्य बैनर में जिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री द्वारा सुराज संकल्प यात्रा के दौरान किए गए वादों के बारे में पूछा गया है। कांग्रेस ने इन होर्डिंग्स को लगाने के लिए पूर्व में नियमानुसार नगर परिषद से स्थान निर्धारित करवाकर उस स्थान के लिए वहां से निर्धारित शुल्क जमा करवा दिया है। ऐसे में ये होर्डिंग लगने के बाद मंगलवार रात से ही प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है।

रात को नगर परिषद अधिकारी कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को फोन करके इन होर्डिंग्स को उतारने को कह रहे हैं। इधर, बुधवार सुबह इन होर्डिंग्स की सूचना जंगल में आग की तरह फैली तो भाजपा नेताओं में भी हड़कम्प मच गया। जिला प्रशासन व भाजपा नेताओं में इन होर्डिंग्स को लेकर मीटिंग भी हुई और चर्चा भी।
दोनों ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के सामने अपनी पोल खुल जाने के डर से इन होर्डिंग्स को हटाने के लिए लगातार दबाव की रणनीति बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री सिरोही से आबूरोड जाएगी, ऐसे में कांग्रेस ने भी यह होर्डिंग्स गोयली चैराहा, अनादरा चैराहा, भाटकड़ा चैराहा और बाबा रामदेव चैराहा पर लगाए हैं।
देखिये क्या लिखा है होर्डिंग्स पर..