
भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर भोपाल में दिखावटी विकास करने का आरोप लगाया है।
सिंह ने आज सुबह अपने ट्वीट में कहा कि भाजपा सरकार ने भोपाल के विकास के दावे किए, मगर बिना नियोजन और आधेअधूरे काम ने शहर को ‘दिखावटी विकास’ ही दिया। अधूरी नर्मदा जल प्रदाय योजना और बीआरटीएस का फ्लॉप क्रियान्वयन इसका उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शहर के हर घर तक नर्मदा का पानी पहुंचाने का वादा किया था, लेकिन 2007 से शुरू काम अब तक पूरा नहीं हो पाया। 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हुए, लेकिन नगर निगम के 19 जोन में से 11 में नर्मदा का पानी नहीं पहुंचा। भाजपा ने ‘दिखावटी विकास’ किया है।
सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता की तकलीफ दूर करने की जगह सायकिल ट्रैक और स्मार्ट रोड जैसी ‘सजावट’ में करोड़ों रुपए फूंक दिए। ये दिखावटी विकास कितना असरकारी रहा है।