Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
दिग्विजय सिंह के मध्यप्रदेश से प्रस्तावक कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal दिग्विजय सिंह के मध्यप्रदेश से प्रस्तावक कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना

दिग्विजय सिंह के मध्यप्रदेश से प्रस्तावक कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना

0
दिग्विजय सिंह के मध्यप्रदेश से प्रस्तावक कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना

भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अखिल भारतीय कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में ताल ठोकने के बाद उनके समर्थक नेताओं ने दिल्ली में डेरा डाल लिया है और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ गोविंद सिंह ने आज यहां 12 प्रस्तावक विधायकों की सूची जारी की।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख केके मिश्रा ने डॉ गाेविंद सिंह की ओर से 12 विधायकों के नाम प्रस्तावकों के रूप में जारी करने की पुष्टि करते हुए कहा कि ये सभी नेता दिल्ली की ओर कूच कर गए हैं और वे कल वहां दिग्विजय सिंह के नामांकनपत्र दाखिल के दौरान प्रस्तावकों के रूप में मौजूद रहेंगे।

डॉ गोविंद सिंह की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को लिखा गया पत्र भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, जिसमें दिग्विजय सिंह के प्रस्तावकों के रूप में 12 विधायकों डॉ गोविंद सिंह के अलावा हिना कांवरे, जीतू पटवारी, पीसी शर्मा, लाखन सिंह यादव, आलाेक चतुर्वेदी, आरिफ मसूद, कांतिलाल भूरिया, रामलाल मालवीय, सुरेंद्र सिंह बघेल, विपिन वानखेड़े और कमलेश्वर पटेल के नाम शामिल हैं।

इस पत्र में विपक्ष के नेता डॉ सिंह ने कमलनाथ को संबोधित करते हुए लिखा है कि आपसे दूरभाष पर हुई चर्चा अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के चुनाव के नामांकन हेतु प्रस्तावकों समर्थकों के नाम दिए जाने के संबंध में मुझे निर्देशित किया था। अत: माननीय विधायकों के नाम प्रस्तावित हैं।

इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के अनुज एवं कांग्रेस विधायक सचिन यादव भी इंदौर होते हुए कल यानी शुक्रवार को दिल्ली पहुंच जाएंगे। वे भी सिंह के नामांकनपत्र दाखिले के समय मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक एवं मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह केरल से यह यात्रा बीच में ही छोड़कर दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने आज वहां नामांकनपत्र लिया है और वे कल विधिवत तरीके से नामांकनपत्र दाखिल करेंगे। नामजगदी का परचा दाखिल करने की कल अंतिम तिथि है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा को हमेशा निशाने पर रखने वाले दिग्विजय सिंह के समर्थक कांग्रेस नेता रामेश्वर नीखरा और अन्य कट्टर समर्थक भी दिल्ली पहुंच गए हैं। सिंह के कांग्रेस अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने की संभावनाओं के बीच उनके गृह जिला गुना के अलावा राजधानी भोपाल और राज्य के अन्य हिस्सों में उनके समर्थकों में प्रसन्नता देखी जा रही है।

हालांकि पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे पूरी दृढ़ता से वकालत कर रहे हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर राहुल गांधी काे ही आसीन होना चाहिए। वर्मा यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि कांग्रेस हाईकमान को दादागिरि करते हुए राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाना चाहिए।

पचहत्तर वर्षीय दिग्विजय सिंह मूल रूप से गुना जिले के राघौगढ़ निवासी हैं और लगभग पांच दशक से राजनीति में सक्रिय हैं। वे 1993 से 2003 तक राज्य के लगातार दस वर्षों तक मुख्यमंत्री रहे और मध्यप्रदेश के संसदीय इतिहास में वे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर काबिज रहने वाले नेता बने थे।

हालांकि मौजूदा मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने उनके कीर्तिमान को ध्वस्त कर दिया और अब चौहान राज्य में सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री पद पर काबिज रहने वाले नेता बन गए हैं।

दिग्गी राजा के नाम से पहचाने जाने वाले दिग्विजय सिंह ने 1990 के दशक में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व संभाला था और उन्होंने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में सड़क मार्ग से पूरे प्रदेश (अविभाजित मध्यप्रदेश, जिसमें छत्तीसगढ़ का हिस्सा भी शामिल) का सघन दौरा कर पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ बनाई थी।

इसके बाद जब 1993 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार में वापसी हुई, तब उन्होंने उस समय के दिग्गज कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह के अलावा अन्य तत्कालीन वरिष्ठ नेताओं जैसे माधवराव सिंधिया, विद्याचरण शुक्ल, श्यामाचरण शुक्ल आदि के बीच बेहतर सामंजस्य बनाकर पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया था।

इसके बाद 1998 के चुनाव में कांग्रेस फिर से विजयी हुई और सिंह फिर से मुख्यमंत्री बने। हालांकि 2003 के विधानसभा चुनाव में सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस को बुरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ा था और उसके बाद से कांग्रेस लगातार 15 वर्षों तक यानी 2018 तक सत्ता से बाहर रही।