Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
congress seva dal tiranga rally halla bol pol khol in Ajmerअजमेर : कांग्रेस सेवादल की तिरंगा मार्च रैली 'हल्ला बोल पोल खोल' - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer अजमेर : कांग्रेस सेवादल की तिरंगा मार्च रैली ‘हल्ला बोल पोल खोल’

अजमेर : कांग्रेस सेवादल की तिरंगा मार्च रैली ‘हल्ला बोल पोल खोल’

0
अजमेर : कांग्रेस सेवादल की तिरंगा मार्च रैली ‘हल्ला बोल पोल खोल’
congress seva dal tiranga rally halla bol pol khol in Ajmer

अजमेर। अगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस भी अपने अग्रिम संगठनों को चुस्त दुरूस्त करने में लगी है साथ ही विभिन्न आयोजनों के जरिए अपनी कार्यकर्ताओं में जोश भरा जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस सेवादल ने तिरंगा मार्च हल्ला बोल पोल खोल के तहत शहर में रैली निकालकर राजनीतिक ताकत का अहसास कराया तथा तिरंगे गुब्बारे उडाए।

सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष राकेश पारीक, कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय जैन व देहात अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में अजमेर शहर एवं देहात कांग्रेस सेवादल की तिरंगा मार्च रैली सुबह 11:15 बजे गांधी भवन से सेवादल के गीत और धुन बजाते बैण्ड बाजे के साथ रवाना हुई। रैली में आगे आगे सेवा दल के वर्दीधारी कार्यकर्ता चल रहे थे। तिरंगा मार्च रैली का शहर के विभिन्न मार्गोंं पर फूल मालाओं से स्वागत किया गया। युवा सेवा दल, महिला सेवा दल, सभी के हाथों में तिरंगा थामे हुए थे।

राफेल डील घोटाला, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि को कम करने, किसानों की कर्ज माफी तथा बेरोजगारों के रोजगार प्रदान किए जाने की मांग को लेकर प्रदेश स्तर से आयोजित हल्ला बोल पोल खोल तिरंगा मार्च रैली पूर्व विधायक गोपाल बाहेती, वरिष्ठ नेता हेमन्त भाटी, पूर्व विधायक डाॅ. राजकुमार जयपाल, पूर्व महापौर कमल बाकोलिया, पूर्व मंत्री ललित भाटी, प्रदेश कांग्रेेस कमेटी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता, प्रदेश सदस्य दीपक हासानी, कैलाश झालीवाल आदि ने भी शिरकत की।

congress seva dal tiranga rally halla bol pol khol in Ajmer

रैली के दौरान केन्द्र सरकार, राजस्थान सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए नारेबाजी के जरिए शहर के मार्केट में आमजन को बताया गया कि मोदी सरकार व वसुन्धरा सरकार ने किस तरह से देश के आमजन को न केवल परेशानी में डाला बल्कि उनके साथ धोखा किया।

रैली मदारगेट, नला बाजार, दरगाह बाजार, कड़क्का चौक, नया बाजार, चूड़ी बाजार, नगर निगम होते हुए आगरा गेट होती हुई होटल क्राॅसलैण्ड पर संपन्न हुई।

बीजेपी सरकार पर बरसे कांग्रेसी नेता

रैली के बाद सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष राकेश पारीक के मुख्य आथित्य तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन की अध्यक्षता में होटल क्राॅसलैण्ड में आम सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए पा​रीक ने केन्द्र व राजस्थान सरकार की विभिन्न योजनाओं के खिलाफ खुलकर हल्ला बोलते हुए कहा कि इससे आमजन को कोई लाभ नहीं पहुंचा।

योजनाएं कागजी फाइलों में चल रही हैं धरातल पर कोई काम नहीं नजर आते। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार लोगों को धर्म के नाम पर लड़ाने तथा साम्प्रदायिक माहौल खराब करती है। झूठे वादे कर सत्ता हासिल करने बाद अब बीजेपी जुमलेबाजी कर राज चला रही है।

congress seva dal tiranga rally halla bol pol khol in Ajmer

इस सरकार के राज में गरीबों का जीना दुश्वार हो गया है। आम जरूरत की चीज रसोई गैस की कीमत आसमान छू रही है। हर दिन जब नींद खुलती है तो आम आदमी पेट्रोल की बढी कीमत से हैरान हो जाता है। अब जनता इस झांसा देने वाली पार्टी के बहकावे में आने वाली नहीं है। आने वाले चुनाव में इसे सत्ता से बेदखल करने का जनता मन बना चुकी है।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष जैन ने सेवादल कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में सेवादल के कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हुए कांग्रेस पार्टी के सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने के लिए अभी से कमर कस लें। परस्पर कोई मतभेद हो तो उसे भुलाकर प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट तथा पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के हाथ मजबूत करें।

पूर्व विधायक डाॅ. श्रीगोपाल बाहेती ने राफेल डील घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है। वर्तमान की भाजपा सरकार देश की सुरक्षा से भी खिलवाड़ करने से नहीं चूकी है। देश की सुरक्षा के नाम पर गुमराह कर अपने चहेतों को लाखों करोड़ों रूपए का फायदा पहुंचाया जा रहा है।

पीसीसी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता ने कहा कि मोदी सरकार जनता को गुमराह कर रही है। जब वो सत्ता से बाहर थे तो रोज कहते थे कि हम यदि सत्ता में आएंगे तो पेट्रोल डीजल के दाम व रसोई गैस की कीमत कम करेंगे। लेकिन कीमते कम होने की बजाय बढती ही जा रही हैं।

सभा को हेमन्त भाटी, डाॅ. राजकुमार जयपाल, कमल बाकोलिया, पीसीसी सदस्य दीपक हासानी, कुन्दन सिंह रावत, प्रदेश महिला संगठक कल्पना भटनागर, हरिसिह गुर्जर, प्रद्यमन सिंह, पूर्व जिला प्रमुुख रामस्वरूप चौधरी, यूथ अध्यक्ष यासिर चिश्ती, महेन्द्र सिंह खेड़ी, गंगा रावत ने भी सभा को सम्बोधित किया। सभा का संचालन जिला मुख्य संगठक देशराज मेहरा ने किया।

कांग्रेस सेवादल की तिरंगा रैली में जिला मुख्य संगठक देशराज मेहरा, महिला संगठक पार्षद द्रोपदी कोली, चन्दन सिंह, प्रियदर्शी भटनागर, निर्मल बैरवाल, प्रताप यादव, विजय नागौरा, शिव बंसल, अजीज खान, महिला अध्यक्ष सब्बा खान, यासिर चिश्ती, अशोक शर्मा, समशुद्दीन, हरिप्रसाद जाटव, अशोक बुन्देजल, एडवेाकेट अजीत कुमार भादू, हातिम खान, विष्णु गौड, नजरूद्दीन कुरैशी, महावीर प्रसाद बरबड़, मुकेश कडैला, आरिफ हुसैन, हरिराम कहार, कुशाल सोनी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।