
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा करते हुए कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुटता और विकास के एजेंडे पर वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव को जीतकर पुन: राज्य में सरकार बनाएगी।
गहलोत आज नए मंत्रियों के शपथ लेने से पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी विधायकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।। उन्होंने कहा कि हम सब एकजुटता के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पार्टी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति, विचारधारा एवं कार्यक्रम को आम जनता तक लेकर जाएंगे एवं विकास के एजेंडे पर एक बार फिर 2023 के विधानसभा चुनाव को जीतकर पुन: राजस्थान में सरकार बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में हुए विधानसभा उपचुनावों एवं स्थानीय निकायों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाकर जनता ने हमारी सरकार के सुशासन पर मुहर लगाई है। हम सभी को आने वाले समय में भी जनता के इस विश्वास को बनाए रखने का है। इसके लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य जारी रखना है।
उन्होंने कहा कि आलाकमान जो फैसला करता है उसे मानना कांग्रेस की परंपरा है। सब मिलकर जिम्मेदारी निभायेंगे और सुशासन देंगे तो सरकार वापस आएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना हो या कोई और चुनौती, सबका बखूबी मुकाबला किया। पिछले 35 महीने में हमारी सरकार ने प्रदेश को संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन देने का कार्य किया है। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हमारी सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस एकजुट रहेगी और उनके आह्वान पर आयोजित हर कार्यक्रम में भागीदार बनना है। उन्होंने मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी विधायकों को शुभकामनाएं दी।