
अजमेर। राजस्थान में अजमेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजमेर नगर निगम में मनोनीत 12 पार्षदों के मुद्दे पर चिकित्सा मंत्री डा. रघु शर्मा का पुतला फूंक कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेसी नेता शमसुद्दीन के नेतृत्व में कांग्रेसी जिला परिषद् के बाहर मुख्य सड़क पर एकत्रित हुए और मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति में मनमानी और वास्तविक कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को लेकर चिकित्सा मंत्री डा. रघु शर्मा का फोटो युक्त पुतला आग के हवाले कर दिया। कार्यकर्ता ‘रघु शर्मा केकड़ी जाओ, शहर की राजनीति में दखल बंद करो’ के नारे लगा रहे थे।
शमसुद्दीन ने कहा कि अजमेर नगर निगम में डा. रघु शर्मा ने मनोनीत 12 पार्षदों में से आठ अपने चाटूकारों को बनाकर वास्तविक कार्यकर्ताओं का शोषण का किया है। उन्हें 25-25 साल से कांग्रेस की सेवा कर रहे कार्यकर्ता की उपेक्षा का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि हम कांग्रेसजन, कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं और डा. रघु शर्मा क्षुद्र राजनीति करके कांग्रेस का भट्टा बैठाने में लगे है। हमारी मांग है कि पार्षदों के मनोनयन कर पुनः विचार कर कार्यकर्ता को मौका दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व सरकार ने नगर निगम में 12 सहवृत पार्षदों का मनोनयन किया है, जिनमें से ज्यादातर की कोई पहचान नहीं है। तालमेल भी इतना बेतरतीब है कि एक ही वार्ड से चार पार्षद मनोनीत किए गए हैं।