

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने पूर्व वित्त मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम पर आयकर विभाग से अपनी संपत्ति छिपाने का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार के मामले में उनकी तुलना पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से की है।
सीतारमण ने रविवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि चिदंबरम ने अपने आयकर का विवरण भरते समय ब्रिटेन के कैम्ब्रिज में अपनी पांच करोड़ 37 लाख की संपत्ति का ब्यौरा नहीं दिया है और इसके आलावा उन्होंने ब्रिटेन में ही अन्य स्थानों पर 80 लाख रुपए की अपनी अन्य संपत्ति का भी जिक्र नहीं किया है। चिदंबरम ने अमरीका में भी अपनी 3.28 करोड़ की संपत्ति आयकर विवरण में नहीं बताई है।
उन्होंने कहा कि चिदंबरम संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के काल में वित्तमंत्री और गृहमंत्री जैसे जिम्मेदार पदों पर रह चुके हैं इसीलिए आयकर विवरण में अपनी सम्पत्तियों का विवरण न देना चार्टर्ड अकाउंटेंट की भूल नहीं कही जा सकती है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग ने चिदंबरम के खिलाफ चार आरोप पत्र दायर किए हैं और उनकी जांच चल रही है।
उन्होंने कहा कि वह जानना चाहती हैं कि क्या कांग्रेस में भी नवाज शरीफ जैसे लोग हैं और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जो कि खुद नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं, क्या चिदंबरम के खिलाफ जांच कराएंगे। उन्होंने कहा कि शरीफ को तो वहां के उच्चतम न्यायलय ने विदेशों में अपनी संपत्ति को आयकर विवरण में छिपाने के मामले में पांच साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य करार कर दिया है, क्या कांग्रेस अपनी पार्टी के ‘नवाज शरीफ’ के बारे में कुछ कहेगी।
सीतारमण ने कहा कि चिदम्बरम के 21 विदेशी बैंकों में खाते हैं और 14 देशों में उनकी संपत्ति है। उसकी सारी जानकारी पता लगाई जा रही है और ब्रिटेन की संपत्ति का विवरण तो मीडिया में भी आ चुका है। अब समय आ गया है कि राहुल गांधी बोले क्योंकि वह अक्सर भ्रष्टाचार पर बोलते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेशों में जमा काला धन और भारत में मौजूद काला धन को बाहर लाने के लिए कृतसंकल्प है और यह उनका चुनावी वादा भी था। भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए ही उन्होंने विदेशों में जमा काले धन को सार्वजानिक करने के लिए आयकर कानून 2015 में संशोधन किया और विदेशों में जमा धन को अपने आयकर विवरण से आंशिक या पूर्ण रूप से छिपाने को अवैध बनाया। ऐसे मामले में 120 प्रतिशत जुर्माने की व्यवस्था है तथा जेल भेजे जाने का भी प्रावधान है।
उनसे जब यह पूछा गया कि चिदंबरम के विदेशों में छिपाए गए धन की जानकारी का आधार क्या है तो उन्होंने कहा कि मीडिया में छपी हुई ख़बरों के आधार पर ही वह ये आरोप लगा रही हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि चिदंबरम ने 2016 के आयकर विवरण में ब्रिटेन और अमेरिका की संपत्ति का जिक्र नहीं है और 2009 में भी आयकर विवरण में इस संपत्ति का जिक्र नहीं किया है।
सीतारमण ने हालांकि यह नहीं बताया कि अमरीका के किस शहर में उनकी संपत्ति है। उन्होंने कहा कि अमरीका और कैंब्रिज में संपत्ति का विवरण भी उन्हें मीडिया से मिला है लेकिन ब्रिटेन में 80 लाख की संपत्ति का ज़िक्र मीडिया में नहीं आया है।
चिदंबरम पर भाजपा के आरोपों को खारिज किया कांग्रेस ने
कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम पर विदेशों में धन रखने के भारतीय जनता पार्टी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये आधारहीन हैं और इनमें सत्यता नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि चिदंबरम ने अपनी संपत्ति का पूरा ब्यौरा आयकर विभाग एवं संबंधित जांच एजेंसियों को दिया है और किसी भी तरह की जांच में वह सहयाेग कर रहे हैं।
भाजपा की वरिष्ठ नेता निर्मला सीतारमण ने आरोप लगाया है कि चिदंबरम भारत के ‘नवाज शरीफ’ है। उन्होंने विदेशों में भारी मात्रा में धन का निवेश किया है जिसकी जानकारी जांच एजेंसियों को नहीं दी है।
कर्नाटक विधानसभा चुनावों में मतदान बाद सर्वेक्षणों से संबंधित एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी इन पर भरोसा नहीं करती है। उन्होंने कहा कि राज्य में जनता दल सेक्यूलर के साथ कांग्रेस के गठबंधन की स्थिति नहीं पैदा होगी।