

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तय है तथा विवादित स्थल पर कुछ और निर्मित नहीं किया जा सकता।
जोशी ने संघ के यहां आयोजित सम्मेलन के समापन के बाद संवाददाताओं से कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि विवादित स्थल पर कुछ और निर्मित नहीं किया जा सकता लेकिन राम मंदिर निर्माण के लिए कुछ प्रक्रियाअों से गुजरना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर मुद्दे पर सहमति बनाना बहुत कठिन है। हम हालांकि मंदिर निर्माण के लिए सहमति बनाने के प्रयासों का स्वागत करते हैं। फिलहाल यह मामला न्यायालय के विचाराधीन है और हम अदालत के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
जोशी ने कहा कि भाषा किसी व्यक्ति एवं समाज की पहचान और उसकी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण घटक है। उन्होंने कहा कि देश की भाषाएं और बोलियां हमारी संस्कृति, परम्परा और विस्तृत साहित्य को संरक्षित करने लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसके साथ ही यह हमारी सृजनशीलता को भी बढ़ावा देती हैं।
जोशी ने कहा कि त्रिपुरा में लेनिन और कोलकाता में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाएं तोड़ने की घटनाएं देश में असहिष्णुता के बढ़ने का संकेत हैं। इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और संघ ऐसी करतूतों की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने मीडिया और सरकारों से ऐसी घटनाओं पर संवेदनशीलता का परिचय देने का आह्वान किया।
यह पूछे जाने पर कि संघ की अनुषंगी इकाई भारतीय मजदूर संघ ने नरेन्द्र मोदी सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध किया है, जोशी ने कहा कि संघ एक परिवार की तरह है और इससे संबद्ध प्रत्येक संगठन के विचारों में भिन्नता हो सकती है और यदि वे साेचते हैं कि सरकार की नीतियां गलत राह पर जा रही हैं तो वे उन्हें ठीक करने का कदम उठाएंगी। हम अपना काम जारी रखेंगे। इस मौके पर डॉ मनमोहन वैद्य, नरेन्द्र कुमार ठाकुर और संघ के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।