

चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना संक्रमण के आज सायं तक 499 नये मामले आने के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 17504 पहुंच गई है। वहीं इनमें से 276 लोगों की मौत हो चुकी है और 13335 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले अब 3893 हैं।
राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कोरोना की स्थिति को लेकर यहां जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। राज्य में काेरोना संक्रमण पॉजिटिव दर 5.64 प्रतिशत, रिकवरी दर 76.18 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 1.58 प्रतिशत है।
राज्य के सभी 22 जिले इस समय कोरोना की चपेट में हैं। राज्य के गुरूग्राम जिले में कोरोना के अब तक सबसे ज्यादा मामले आये हैं। इसके अलावा फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, अम्बाला, पलवल और करनाल में जिलों में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। गुरूग्राम में आज कोरोना के 109, फरीदाबाद 123, सोनीपत 82, रोहतक 104, करनाल 16, पलवल 12, नूंह 13, कैथल नौ, झज्जर आठ, सिरसा सात, यमुनानगर पांच, अम्बाला चार, पंचकूला तीन, पानीपत और फतेहाबाद में दो-दो मामले आये।
राज्य के भिवानी, हिसार, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, कुरूक्षेत्र, जींद और चरखी दादरी में कोरोना का आज कोई नया मामला नहीं
दर्ज किया गया। राज्य में कोरोना के कारण अब तक 276 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें 204 पुरूष और 72 महिलाएं हैं। गुरूग्राम में 101, फरीदाबाद में 95, सोनीपत 20, रोहतक 12, करनाल आठ, हिसार और पानीपत सात-सात, रेवाड़ी पांच, जींद और झज्जर चार-चार, अम्बाला, पलवल और भिवानी तीन-तीन तथा महेंद्रगढ़, नूंह और चरखी दादरी में एक-एक मौत होने की बुलेटिन में पुष्टि की गई है।