Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कोरोना संक्रमितों की संख्या 38 लाख के पार, सक्रिय मामले 8.11 लाख से अधिक - Sabguru News
होम India City News कोरोना संक्रमितों की संख्या 38 लाख के पार, सक्रिय मामले 8.11 लाख से अधिक

कोरोना संक्रमितों की संख्या 38 लाख के पार, सक्रिय मामले 8.11 लाख से अधिक

0
कोरोना संक्रमितों की संख्या 38 लाख के पार, सक्रिय मामले 8.11 लाख से अधिक

नई दिल्ली। देश में बुधवार देर रात तक कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के रिकॉर्ड 70 हजार नये मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 38 लाख के पार 38.43 लाख से अधिक हो गया जबकि 1015 कोरोना मरीजों की मौत से मृतकाें की संख्या 67,400 से अधिक हो गई।

वायरस के बढ़ते कहर के बीच राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या में भी वृद्धि जारी है और आज फिर से रिकवरी दर में आंशिक सुधार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 77,712 नये मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 38,43,820 तथा मृतकों की संख्या 67,473 हो गई है।

चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नये संक्रमितों में वृद्धि जारी है जिसके कारण सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आज 25,674 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामले बढ़कर आठ लाख के पार 8,11,670 पहुंच गए। इस दौरान 64,559 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों का आंकड़ा 29,64,081 पर पहुंच गया।

देश में सक्रिय मामले 21.11 प्रतिशत और रोगमुक्त होने वालों की दर 77.11 प्रतिशत है जबकि मृतकों की दर 1.75 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 76.91प्रतिशत से सुधरकर आज 77.11 फीसदी पर पहुंच गई।

महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 17,433 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या आज रात बढ़कर सवा आठ लाख के पार 8,25,739 पहुंच गयी। राज्य में इस दौरान नए मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों में भी गिरावट दर्ज की गयी तथा इस दौरान 13,959 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या छह लाख के करीब 5,98,496 पहुंच गई है। इस दौरान 292 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 25,195 हो गई है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज 72.48 फीसदी पहुंच गई जो मंगलवार को 72.31 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 3.05 फीसदी रह गई।

राज्य में आज 3,180 मरीजों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या आज दो लाख के पार 2,01,703 पहुंच गयी जो मंगलवार को 1,98,523 रही थी।
आंध्र प्रदेश में आज कोरोना वायरस के 10,392 नए मामले सामने आने से सक्रिय मरीजाें की संख्या एक लाख को पार कर 1,03,076 हो गयी। राज्य में अब तक 4125 लोगों की मौत हुई है जबकि रोग मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 3,48,330 हो गई है।

कोरोना संक्रमण के मामलों में पूरे देश में चौथे स्थान पर स्थित दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 9860 नये मामले सामने आने से कुल संक्रमितों की संख्या 3,61,341 हो गयी है। राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 94,459 हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 5950 पर पहुंच गया है तथा अब तक 2,60,913 लोग स्वस्थ हुए हैं। राज्य में आज 6287 मरीज स्वस्थ हुए हैं।

कोरोना संक्रमण और मौत के मामले मेें देश में दूसरे स्थान पर स्थित तमिलनाडु में सक्रिय मामले 52,380 हो गए है तथा मृतकों की संख्या 7516 हो गयी है। वहीं राज्य में अब तक 3,80,063 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। राज्य में आज 5891 मरीज पूरी तरह से ठीक भी हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में मरीजों की वृद्धि हुई है जिससे सक्रिय मामले 56,459 हो गए हैं तथा इस महामारी से 3616 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,81,364 मरीज ठीक हुए हैं।

तेलंगाना में आज कोरोना के 2,892 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,30,589 हो गयी। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले 31 हजार को पार कर 32,341 हो गए हैं और अब तक 846 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 97,402 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के 2976 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,68,697 हो गयी लेकिन इस दौरान 3,297 मरीजों के स्वस्थ होने से सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 24,445 रह गयी। राज्य में महामारी से अब तक 3,339 लोगों की मौत हुई है जबकि अब तक 1,40,913 लोग स्वस्थ हुए हैं।

ओडिशा में कोरोना संक्रमण के 3,025 नये मामले सामने आने के बाद सक्रिय मामले 28,719 हो गए हैं और 556 लोगों की मौत हुई है जबकि रोगमुक्त लोगों की संख्या 77,286 हो गई है।

केरल में भी कोरोना संक्रमण के नए मामलों में दिन-प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। राज्य में आज कोरोना के 1,547 नये मामले सामने आने से सक्रिय मामले घटकर 21,924 हो गए। राज्य में अब तक 306 लोगों की मौत हुई है जबकि स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 55,778 हो गई है।

बिहार में सक्रिय मामले लगातार घटते हुए 16,107 हो गए हैं। राज्य में अब तक 722 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,23,404 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं। गुजरात में सक्रिय 15,850 हैं तथा 3,046 लोगों की मौत हुई है और 80,154 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

इसके बाद पंजाब में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 15,849 हो गई है तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या बढ़कर 38,147 हो गयी है जबकि अब तक 1,512 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में आज 1,516 नये मामले सामने आये हैं। पंजाब में अब तक 55,508 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 2,509 नये मामले सामने आये जबकि 1,858 मरीज स्वस्थ हुए। राजधानी में कुल संक्रमितों का आंकड़ा आज बढ़कर 1,79,569 पहुंच गया। इस दौरान कोरोना वायरस को मात देने वालों का कुल आंकड़ा 1,58,586 हो गया।

दिल्ली का स्थान सर्वाधिक रिकवरी दर वाले राज्यों में है लेकिन चिंता की बात यह है कि आज फिर से स्वस्थ होने वालों की तुलना में नये मामलों की संख्या अधिक हो गयी। इससे रिकवरी दर कल के 89.08 प्रतिशत से घटकर आज 88.51 फीसदी हो गई। राजधानी में एक समय रिकवरी दर 90 फीसदी से अधिक हो गई थी।

राजधानी में कोराेना वायरस संक्रमण से आज 18 और मरीजों की जान चली गई इसे मिलाकर यह जानलेवा वायरस से अब तक 4,462 लोगों को लील चुका है। सक्रिय मामलों में आज 1,244 की वृद्धि भी चिंता का प्रमुख कारण है। राजधानी में सक्रिय मामले गत दिवस के 14,626 से बढ़कर आज 15,870 रह गये। राजधानी में कंटेनमेंट जोन में फिर से वृद्धि भी चिंता का कारण बनी हुई है। आज कंटेनमेंट जोन 13 और बढ़कर 846 हो गए जो सोमवार को 833 थे।

कोरोना महामारी से अब तक मध्य प्रदेश में 1453, राजस्थान में 1081, जम्मू-कश्मीर में 732, हरियाणा में 721, झारखंड में 428, असम में 323, छत्तीसगढ़ में 299, उत्तराखंड में 291, पुड्डुचेरी में 253, गोवा में 204, त्रिपुरा में 118, चंडीगढ़ में 59, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 47, हिमाचल प्रदेश में 42, लद्दाख में 35, मणिपुर में 29, नागालैंड में आठ, मेघालय में 13, अरुणाचल प्रदेश में सात, सिक्किम में चार तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।