Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
देश में 52 हजार से अधिक नए केस, कोरोना संक्रमित संख्या 1855746 पहुंची - Sabguru News
होम Breaking देश में 52 हजार से अधिक नए केस, कोरोना संक्रमित संख्या 1855746 पहुंची

देश में 52 हजार से अधिक नए केस, कोरोना संक्रमित संख्या 1855746 पहुंची

0
देश में 52 हजार से अधिक नए केस, कोरोना संक्रमित संख्या 1855746 पहुंची

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की भयावह होती स्थिति के बीच पिछले 24 घंटों में 52 हजार से अधिक नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या साढ़े 18 लाख के पार हो गई है तथा 803 लोगों की मौत से मृतकाें की संख्या 39 हजार के करीब पहुंच गई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 52,050 लोगों के संक्रमित होने से संक्रमितों की संख्या 18,55,746 हो गयी। राहत की बात यह रही कि इस दौरान 44,306 लोग संक्रमणमुक्त भी हुए हैं जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 12,30,510 हो गई है। अधिकतर राज्यों में स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ने से सक्रिय मामले महज 6,941 बढ़े हैं जिससे इनकी संख्या 5,86,298 हो गयी है। वहीं मृतकों की संख्या 38,938 हो गई है।

कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या में 1519 की कमी हुई है जिससे सक्रिय मामले 1,47,324 रह गए तथा 266 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 15,842 हो गया। इस दौरान 10,221 लोग संक्रमणमुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 2,87,030 हो गई। देश में अब भी सर्वाधिक सक्रिय मामले इसी राज्य में हैं।

दक्षिणी राज्य कर्नाटक में भी इस अवधि में मरीजों की संख्या 121 घटी है और यहां अब 74,477 सक्रिय मामले हैं। मरने वालों का आंकड़ा 98 बढ़कर 2594 पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक कुल 62,500 लोग स्वस्थ हुए हैं।

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजाें की संख्या 1973 बढ़ गयी जिससे सक्रिय मामले बढ़कर 76,377 हो गये। राज्य में अब तक 1,537 लोगों की मौत हुई है तथा कुल 88672 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। तमिलनाडु में सक्रिय मामले घटकर 56,698 हो गये हैं तथा 4241 लोगाें की मौत हुई है। वहीं राज्य में अब तक 2,02,283 लोग स्वस्थ हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 40,191 सक्रिय मामले हैं तथा इस महामारी से 1778 लोगों की मौत हुई है जबकि 55,393 मरीज ठीक हुए हैं। देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 21,683 सक्रिय मामले हैं तथा 1,731 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 54,818 लोग स्वस्थ हुए हैं। सक्रिय मामलों में इसके बाद बिहार का स्थान है , जहां यह संख्या 20,770 हो गई है। राज्य में 330 लोगों की मौत हुई है जबकि 38,228 लोग संक्रमणमुक्त भी हुए हैं।

तेलंगाना में कोरोना के 18,708 सक्रिय मामले हैं और 563 लोगों की मौत हो चुकी थी जबकि 49,675 लोग इस महामारी से ठीक हुए थे। गुजरात में सक्रिय मामले 14,599 हो गए हैं तथा 2,508 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 47,478 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में आ गई है और यहां मरीजों की संख्या दिन ब दिन घट रही है। राजधानी में सक्रिय मामले घटकर 10,207 रह गये हैं। संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 4021 हो गयी है तथा अब तक 1,24,254 मरीज रोगमुक्त हुए हैं।

कोरोना महामारी से अब तक मध्य प्रदेश में 900, राजस्थान में 715, हरियाणा में 440, पंजाब में 442, जम्मू-कश्मीर में 407, ओडिशा में 207, झारखंड में 125, असम में 109, उत्तराखंड में 90, केरल में 84, छत्तीसगढ़ में 61, पुड्डुचेरी में 56, गोवा में 56, त्रिपुरा में 28, चंडीगढ़ में 19, हिमाचल प्रदेश में 14, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 10, लद्दाख और मणिपुर में सात-सात, मेघालय और नागालैंड में पांच-पांच, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।