Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कोरोना मामले 30.44 लाख के पार, रिकवरी दर करीब 75 फीसदी - Sabguru News
होम Breaking कोरोना मामले 30.44 लाख के पार, रिकवरी दर करीब 75 फीसदी

कोरोना मामले 30.44 लाख के पार, रिकवरी दर करीब 75 फीसदी

0
कोरोना मामले 30.44 लाख के पार, रिकवरी दर करीब 75 फीसदी

नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और एक दिन में करीब 70 हजार नए मामले सामने आए हैं लेकिन राहत की बात यह भी रही कि इसी अवधि में 57 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं जिससे मरीजों के स्वस्थ होने की दर लगभग 75 फीसदी पहुंच गई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार की सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 69,239 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 30,44,940 हो गया। इसी दौरान 57989 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिससे कोरोना से मुक्ति पाने वालों की संख्या 22,80,566 हो गई है। इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 74.89 फीसदी पहुंच गई है।

चिंता की बात यह है कि इस दौरान सक्रिय मामलों में 10 हजार से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। सक्रिय मामलों में रिकॉर्ड 10,338 की वृद्धि होने से कुल संक्रमितों की संख्या 7,07,668 हो गई है। देशभर में पिछले 24 घंटों के दौरान 912 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 56706 हाे गई। देश में सक्रिय मामले 23.43 प्रतिशत हैं जबकि मृतकों की दर 1.87 प्रतिशत है।

कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या सबसे अधिक 4954 बढ़कर 1,69,833 हो गई तथा 297 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 21,995 हो गया। इस दौरान 9,241 लोग संक्रमणमुक्त हुए जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,80,114 हो गयी। देश में सर्वाधिक सक्रिय मामले इसी राज्य में हैं।

आंध्र प्रदेश में मरीजाें की संख्या 1586 बढ़ने से सक्रिय मामले 89,389 हो गये। राज्य में अब तक 3189 लोगों की मौत हुई है, वहीं 8593 लोगों के स्वस्थ होने से कुल 2,52,638 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।

इसके बाद ओडिशा में मरीजों की संख्या 1037 बढ़ने से सक्रिय मामले 22861 हो गये। राज्य में 1773 लोगों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या 52277 हो गई है जबकि 399 लोगों की मौत हुई है। केरल में 865 और नये मरीजों के आने से सक्रिय मामले बढ़कर 19601 हो गए तथा 1292 लोगों के स्वस्थ होने से ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 36535 हो गयी है। राज्य में अब तक 218 लोगों की मौत हुई है।

इसके बाद पंजाब में 862 नए मामले सामने आने से सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 15305 हो गई है तथा 409 और लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या बढ़कर 24302 हो गई है जबकि अब तक 1036 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना संक्रमण मामलों में पूरे देश में चौथे स्थान पर स्थित दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या में 389 की गिरावट आई है और यहां अब 82,693 सक्रिय मामले हैं। मरने वालों का आंकड़ा 93 बढ़कर 4615 पर पहुंच गया है।

राज्य में अब तक 1,84,568 लोग स्वस्थ हुए हैं। दूसरे स्थान पर स्थित तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या 297 बढ़कर 53,710 हो गए हैं तथा 6420 लोगाें की मौत हुई है। वहीं राज्य में अब तक 3,13,280 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी इस दौरान 506 मरीजों की वृद्धि हुई है जिससे सक्रिय मामले 48,291 हो गये हैं तथा इस महामारी से 2867 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,31,295 मरीज ठीक हुए हैं।

बिहार में 1195 मरीज कम हुए हैं और अब यहां सक्रिय मामलों की संख्या 24,168 हो गई है। राज्य में 503 लोगों की मौत हुई है जबकि 94,858 लोग संक्रमणमुक्त भी हुए हैं। देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 27,900 सक्रिय मामले हैं तथा 2737 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 1,04,959 लोग स्वस्थ हुए हैं।

तेलंगाना में कोरोना के 22,908 सक्रिय मामले हैं और 755 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 80,586 लोग इस महामारी से ठीक हुए है। गुजरात में सक्रिय मामले 14,399 हैं तथा 2881 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 68,243 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस दौरान सक्रिय मामले की तादाद में 168 की वृद्धि होने से यह संख्या 11,594 हो गई है। वहीं संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 4284 हो गई है तथा अब तक 1,44,138 मरीज रोगमुक्त हुए हैं।

कोरोना महामारी से अब तक मध्य प्रदेश में 1206, राजस्थान में 944, जम्मू-कश्मीर में 608, हरियाणा में 597, झारखंड में 308, असम में 234, उत्तराखंड में 195, छत्तीसगढ़ में 189, पुड्डुचेरी में 151, गोवा में 140, त्रिपुरा में 72, चंडीगढ़ में 33, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 32, हिमाचल प्रदेश में 29, मणिपुर में 22, लद्दाख में 21, नागालैंड में नौ, मेघालय में सात, अरुणाचल प्रदेश में पांच, सिक्किम में तीन तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।