Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत - Sabguru News
होम Breaking दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत

दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत

0
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत
coronavirus update delhi recorded 2442 fresh covid 19 positive cases total number rises to 89802

नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित एक बुजुर्ग महिला की मधुमेह और हाईपरटेंशन से शुक्रवार को मौत हो गई। भारत में कोरोना वायरस संक्रमित मरीज की मौत का यह दूसरा मामला है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने यहां बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित 68 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। वह राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थीं। उन्होंने बताया कि वह काेरोना वायरस से संक्रमित अपने बेटे के संपर्क में आई थी, जिसने पांच से 22 फरवरी के बीच स्विट्जरलैंड और इटली की यात्रा की थी। वह 23 फरवरी को भारत लौटा था।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि महिला के बेटे में शुरुआत में कोई लक्षण नजर नहीं आए थे लेकिन एक दिन बाद बुखार और जुकाम होने के बाद वह सात मार्च को राम मनोहर लोहिया अस्पताल आया था। प्रोटोकॉल के तहत उसके परिवार के सदस्यों की भी जांच की गई। उसके साथ-साथ उसकी मां को भी बुखार था इसलिए दोनों काे भर्ती कर लिया गया था।

मंत्रालय के अनुसार महिला मधुमेह और हाईपरटेंशन से भी पीड़ित थी। उसके खून के नमूने आठ मार्च को लिए गए थे। निमोनिया की शिकायत के बाद उसकी हालत और खराब हो गई जिसके बाद उसे गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया। मंत्रालय ने बताया कि महिला की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। नौ मार्च से उसे श्वसन संबंधी परेशानी थी जिसके बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया।

बयान के अनुसार पहले से विभिन्न रोगों से पीड़ित इस महिला की आज आरएमएल अस्पताल में मौत हो गई। महिला का इलाज करने वाले चिकित्सक और चिकित्सा अधीक्षक ने इसकी पुष्टि की है।