
फोम पेन्ह। कंबोडिया में सरकार ने 11 सितंबर से देशभर की मस्जिदों को प्रत्येक शुक्रवार को लोगों के लिए खोलने की घोषणा की है। कंबोडिया के स्वास्थ्य मंत्री माम बुनहेंग ने शनिवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के कारण कंबोडिया में मार्च महीने से ही मस्जिदें बंद पड़ी हैं। बुनहेंग ने वक्तव्य में कहा कि मस्जिदों में आने वाले लोगों को सख्ती से स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
उन्हें मास्क पहनना होगा, मस्जिदों में प्रवेश करने से पहले उनके तापमान की जांच होगी, नियमित रूप से उन्हें अपने हाथों को सैनिटाइज करना होगा और कम से कम डेढ़ मीटर की शारीरिक दूरी बनाए रखनी होगी।
मस्जिद में नमाज के लिए आने वाले लोगों को प्रार्थना के लिए अपने साथ चटाई लानी होगी। बच्चाें और बीमार लोगों को मस्जिदों में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। शुक्रवार की नमाज पढ़ने के लिए 30 मिनट का समय दिया जाएगा।
कंबोडिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 274 मामलों की पुष्टि हो चुकी है जिसमें से 272 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं जबकि दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं। कंबोडिया दुनिया के उन चुनिंदा देशों में से एक है जिसने काेरोना पर काफी हद तक काबू पा लिया है।