
रियाद। सऊदी अरब सरकार ने नमाजियों में कोरोना वायरस के संक्रमण का संदेह पाए जाने के बाद देश में 39 मस्जिदों को दोबारा बंद कर दिया है।
टेलीविजन चैनल अल अरबिया ने बताया कि इस्लामिक मामलों के मंत्रालय ने मस्जिदों को बंद करने का निर्णय लिया और इसे अत्यधिक संक्रामक बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए सख्त स्वास्थ्य उपायों का एक हिस्सा बताया है। चैनल ने बताया कि उन सभी मस्जिदों को सेनिटाइज किया जा रहा है। चैनल ने यह खुलासा नहीं किया है कि ये मस्जिद किन जगहों पर हैं।
सऊदी अरब ने पिछले सप्ताह मक्का को छोड़कर शेष स्थानों पर मस्जिदों को फिर से खोल दिया था। मस्जिदों में सामूहिक प्रार्थना करने के लिए अधिकारियों ने कई सावधानियां बरती हैं। इनमें अजान से 15 मिनट पहले मस्जिद खोलना और नमाज खत्म होने के 10 मिनट बाद इसे बंद करना शामिल है। नमाजियों को दो मीटर की दूरी पर रखा जाता है। एहतियातन 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मस्जिदों में जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
मस्जिदों में प्रवेश करने से पहले लोगों को अपने शारीरिक तापमान की जांच करवानी होती है। गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए मार्च में कई सख्त उपाय किये गये थे जिसके तहत सभी मस्जिदों को भी बंद कर दिया गया था।