Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजस्थान को केंद्र ने दी पूरी मदद, पर कुछ लोग कर रहे राजनीतिक दोषारोपण : शेखावत - Sabguru News
होम Delhi राजस्थान को केंद्र ने दी पूरी मदद, पर कुछ लोग कर रहे राजनीतिक दोषारोपण : शेखावत

राजस्थान को केंद्र ने दी पूरी मदद, पर कुछ लोग कर रहे राजनीतिक दोषारोपण : शेखावत

0
राजस्थान को केंद्र ने दी पूरी मदद, पर कुछ लोग कर रहे राजनीतिक दोषारोपण : शेखावत

नई दिल्ली/जोधपुर। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान सरकार को केंद्र सरकार द्वारा की मदद के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि कुछ तथाकथित लोग इस समय में भी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को खोजने का प्रयास कर रहे हैं। एक-दूसरे पर राजनीतिक दोषारोपण और टिप्पणियां कर रहे हैं। इस समय हम सबको साथ मिलकर के कोरोना की महामारी से देश को बचाने के लिए एकजुट होकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का प्रदर्शन करना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कठिन समय से उबारने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के कल्याण के लिए 1.78 लाख करोड़ का पैकेज देशभर में लागू किया था। राजस्थान में भी ऐसे लाभार्थियों को इसके द्वारा लाभ मिला है।

उज्जवला योजना में देशभर के 8 करोड़ लाभार्थियों में 62.77 लाख राजस्थान में हैं। 750 रुपए प्रति सिलेंडर के हिसाब से ऐसे 62.77 लाख लाभार्थियों को 477 करोड़ रुपए खाते में डायरेक्ट ट्रांसफर करने की प्रक्रिया चल रही है। 60 प्रतिशत खातों में यह राशि ट्रांसफर कर भी दी गई है। इन्हें तीन महीने मुफ्त सिलेंडर मिलेगा। उन्होंने कहा कि देशभर के 35 करोड़ जनधन खातों में से 2.69 करोड़ खाते राजस्थान में हैं। इनमें से 1.52 करोड़ खातों में महिलाएं मुखिया के रूप में दर्ज हैं। ऐसे खातों में प्रधानमंत्री ने 500 रुपए प्रति खाते में ट्रांसफर करना तय किया था। इसके माध्यम से 760 करोड़ रुपए राजस्थान के खातों में ट्रांसफर करने का कार्य चल रहा है।

शेखावत ने कहा कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खाते में 2000 रुपए की किस्त जमा करने का कार्य जारी है। राजस्थान सरकार द्वारा उपलब्ध कराई सूची के अनुसार राज्य में 37.20 लाख किसान हैं, जिनके खातों में 744.08 करोड़ रुपए जमा किया गया है। साथ ही, राजस्थान सरकार की मनरेगा की बची हुई शेष राशि का भुगतान करने की प्रक्रिया चल रही है। मजदूरी के रूप में राशि का भुगतान कर दिया गया है। मेटेरियल की राशि की प्रक्रिया चल रही है। आने वाले एक या दो दिन में वो राशि भी दे दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट मिनिरल फंड के इस साल का कुल मिलाकर 2765 करोड़ रुपए देशभर में एकत्रित होना था। इस राशि को कोरोना के खिलाफ जंग में उपयोग में लिया जा सकता है। राजस्थान को उसके हिस्से की राशि उपलब्ध करा दी गई है। शेखावत ने कहा कि चिकित्सा स्वास्थ्य के लिए प्रति वर्कर 50 लाख रुपए हेल्थ कवरेज दिया गया है। 18 करोड़ रुपए इंश्योरेंस के लिए देना तय हुआ है।

शेखावत ने बताया कि कोविड-19 ट्रीटमेंट और मैनेजमेंट के हेल्थ सिस्टम के लिए राजस्थान को 1888 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। 1780 करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने जारी भी कर दिए हैं। राजस्थान सरकार को 50 हजार पीपीई किट, 1 लाख एन-95 मास्क, 2 लाख ट्रिपल लेयर मास्क के लिए 3.71 लाख रुपए अतिरिक्त राशि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार की मांग पर स्वीकृत कर दी है।

उन्होंने कहा कि बीपीएल कार्ड धारकों को तीन महीने तक मौजूदा मिल रहे राशन के अतिरिक्त 5 किलो गेहूं और 1 किलो दाल निःशुल्क देने का निर्णय भी प्रधानमंत्री ने किया है। इसके तहत राजस्थान को 34 हजार मिट्रिक टन गेहूं पहुंचाने का काम कर दिया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस संघर्ष के समय सभी प्रदेशों को इसी तरह सहयोग प्रदान किया गया है।

केंद्र सरकार राजस्थान को भी सहयोग करने के लिए कटिबद्ध है। ये राजनीति का समय नहीं है। यह मिलकर के काम करने का समय है। कुछ लोग ऐसे समय में राजनीतिक टिका-टिप्पणियां करके देश की एकता की भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। यह निश्चित ही निंदनीय है।