

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ने से सोमवार को रिकवरी दर आंशिक वृद्धि के साथ 89 प्रतिशत से अधिक हो गयी।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 1,358 नये मामले सामने आये जबकि 1,507 मरीज स्वस्थ हुए। राजधानी में कुल संक्रमितों का आंकड़ा सोमवार को बढ़कर 1,74,748 पहुंच गया। इस दौरान कोरोना वायरस को मात देने वालों का कुल आंकड़ा 1,55,678 हो गया।
देश में दिल्ली का स्थान सर्वाधिक रिकवरी दर वाले राज्यों में है और राहत की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या अधिक हो गयी। इससे रिकवरी दर में कल के 88.91 प्रतिशत से बढ़कर आज 89.08 फीसदी हो गई। राजधानी में एक समय रिकवरी दर 90 फीसदी से अधिक हो गयी थी।
राजधानी में कोराेना वायरस संक्रमण से आज 18 और मरीजों की जान चली गयी इसे मिलाकर यह जानलेवा वायरस से अब तक 4,444 लोगों को लील चुका है।
सक्रिय मामलों में आज 167 की कमी भी राहत देने वाला है। राजधानी में सक्रिय मामले गत दिवस के 14,793 से घटकर 14,626 रह गये।
राजधानी में कंटेनमेंट जोन में फिर से वृद्धि भी चिंता का कारण बनी हुई है। आज कंटेनमेंट जोन बढ़कर 833 हो गये जो रविवार को 820 थे।
पिछले 24 घंटों में कोरोना जांच संख्या 14,389 रही। होम आइसोलेशन में 7876 और अस्पतालों में 4146 तथा शेष अन्य कोविड केंद्रों में मरीज हैं।
राजधानी में प्रति दस लाख में 83 हजार से अधिक 83341 जांच हुए हैं। अब तक कुल 15.83 लाख से अधिक कोरोना जांच हो चुकी है।