

नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,947 नये मामले फिर सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 2.92 लाख के पार पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होने के कारण सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गयी है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी में संक्रमितों की संख्या 2,92,560 हो गई। इस दौरान 3,588 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक कुल 2,63,938 लोग कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से 32 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,542 हो गयी है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 35,593 लोगों जांच की गई और इसमें पाॅजिटिव दर 5.47 प्रतिशत रही। यहां वायरस के कुल 33,17,377 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राजधानी में प्रति 10 लाख पर जांच का औसत आंकड़ा 1,74,598 है। दिल्ली में कुल जांच में पाजिटिव दर 8.82 प्रतिशत पाई जा रही है।
राहत की बात यह है कि राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,673 और घट कर 23,080 रह गयी जो रविवार को 24,753 थी। इनमें से होम आइसोलेशन में 13,905 हैं। दिल्ली में मृत्यु दर 1.89 प्रतिशत है।
राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 2707 पहुंच गयी है जो चिंता का विषय है।