

नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,258 मामले फिर सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 2.87 लाख के पार पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ लोगों की संख्या में बढोतरी होने के कारण सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गयी है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी में संक्रमितों की संख्या 2,87,930 हो गई। इस दौरान 3,440 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक कुल 2,57,224 लोग कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से 34 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,472 हो गयी है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 39,306 लोगों जांच की गई और इसमें पाॅजिटिव दर 5.74 प्रतिशत रही। यहां वायरस के कुल 32,30,952 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राजधानी में प्रति 10 लाख पर जांच का औसत आंकड़ा 1,70,050 है। दिल्ली में कुल जांच में पाजिटिव दर 8.91 प्रतिशत पाई जा रही है।
राहत की बात यह है कि राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,216 और घट कर 25234 रह गयी जो शुक्रवार को 26,450 थी। इनमें से होम आइसोलेशन में 15,449 हैं। दिल्ली में मृत्यु दर 1.9 प्रतिशत है।
संक्रमण के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के प्रयास में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या आज और बढ़कर 2658 हो गयी।