

नई दिल्ली। राजधानी में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,390 मामले फिर सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 2.80 लाख के करीब पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ लोगों की संख्या में बढोतरी होने के कारण सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गयी है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी में संक्रमितों की संख्या 2,79,715 हो गई। इस दौरान 3,965 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक कुल 2,47,446 लोग कोरोना वायरस को मात दे चुके हैं। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से 41 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5,361 हो गयी है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 59,807 लोगों जांच की गई और इसमें पाॅजिटिव दर 5.67 प्रतिशत रही। यहां वायरस के कुल 30,79,965 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राजधानी में प्रति 10 लाख पर जांच का औसत आंकड़ा 1,62,103 है। दिल्ली में कुल जांच में पाजिटिव दर 9.08 प्रतिशत पाई जा रही है।
राहत की बात यह है कि राजधानी में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 616 और घट कर 26,908 रह गयी जो मंगलवार को 27,524 थी। इनमें से होम आइसोलेशन में 15,657 हैं। दिल्ली में मृत्यु दर 1.92 प्रतिशत है।
संक्रमण के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के प्रयास में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या आज 65 और बढ़कर 2570 हो गयी है।