

चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना संक्रमण की स्थिति अब उत्तरोत्तर गम्भीर रूप धारण करती जा रही है। राज्य में आज सायं तक कोरोना के 1148 नये मामले आने के बाद राज्य में इस इस महामारी से पीड़ितों की कुल संख्या 56608 हो गई है। वहीं इनमें से 623 लोगों की मौत हो चुकी है और 46496 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले अब 9489 हैं।
राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कोरोना की स्थिति को लेकर यहां जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। राज्य में काेरोना संक्रमण पॉजिटिव दर 5.69 प्रतिशत, रिकवरी दर 82.14 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 1.10 प्रतिशत है। राज्य के सभी 22 जिले इस समय कोरोना की चपेट में हैं तथा इनमें कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। फरीदाबाद और गुरूग्राम कोरोना मामलों की तालिका में सबसे ऊपर हैं। फरीदाबाद और ग्रुरूग्राम में काेरोना के कुल मामले क्रमश: 11982 और 11176 मामले हैं और इनमें से 11042 और 10188 ठीक हो चुके हैं।
राज्य के सोनीपत, रोहतक, रेवाड़ी, अम्बाला, पानीपत और करनाल जिलों में भी कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। फरीदाबाद में आज 132, रेवाड़ी 129, गुरूग्राम 114, पानीपत 109, करनाल 80, हिसार 74, रोहतक 71, अम्बाला 71, सिरसा 70, कुरूक्षेत्र 52, कैथल 51, सोनीपत और फतेहाबाद 34-34, जींद 32, यमुनानगर 31, पंचकूला 20, भिवानी 13, महेंद्रगढ़ 12, झज्जर आठ, पलवल सात और नूंह में तीन कोरोना मामले आये। राज्य के चरखी दादरी जिले में कोरोना का आज भी कोई मामला नहीं आया।
राज्य में कोरोना से अब तक 623 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें 440 पुरूष और 183 महिलाएं हैं। इनमें से फरीदाबाद 164, गुरूग्राम 131, सोनीपत 41, पानीपत 39, रोहतक और अम्बाला 28-28, कुरूक्षेत्र 26, करनाल 23, यमुनानगर 17, रेवाड़ी 16, झज्जर 15, नूंह, पंचकूला और हिसार 13-13, पलवल और सिरसा 11-11, भिवानी और कैथल नौ-नौ, जींद आठ, फतेहाबाद छह तथा महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी में एक-एक मौत होने की बुलेटिन में पुष्टि की गई है।