

चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना संक्रमण की स्थिति अब उत्तरोत्तर गम्भीर रूप धारण करती जा रही है। राज्य में आज सायं तक कोरोना के 678 नये मामले आने के बाद राज्य में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 23306 पहुंच गई है। वहीं इनमें से 319 लोगों की मौत हो चुकी है और 17667 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले अब 5320 हैं।
राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कोरोना की स्थिति को लेकर यहां जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। राज्य में काेरोना संक्रमण पॉजिटिव दर 5.91 प्रतिशत, रिकवरी दर 75.80 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है।
राज्य के सभी 22 जिले इस समय कोरोना की चपेट में हैं। राज्य में कोरोना मामले अब लगातार बढ़ रहे हैं। गुरूग्राम जिले में अब तक कोरोना के सबसे ज्यादा कुल 7208 मामले आये हैं। इसके अलावा फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, अम्बाला, पलवल और करनाल में जिलों में भी कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। गुरूग्राम में आज कोरोना के 82, फरीदाबाद 216, सोनीपत 66, रोहतक 36, हिसार 34, अम्बाला 33, फतेहाबाद 31, पलवल 26, रेवाड़ी 25, पंचकूला 24, करनाल और नूंह 19-19, कैथल दस, झज्जर नौ, भिवानी, पानीपत और कुरूक्षेत्र आठ-आठ, महेंद्रगढ़ और सिरसा सात-सात, यमुनानगर चार तथा जींद और चरखी दादरी में तीन-तीन मामले आये।
राज्य में कोरोना के कारण अब तक 319 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें 234 पुरूष और 85 महिलाएं हैं। गुरूग्राम में 110, फरीदाबाद में 104, सोनीपत 24, रोहतक 16, करनाल और पानीपत आठ-आठ, हिसार सात, रेवाड़ी, पलवल, अम्बाला छह-छह, भिवानी पांच, जींद, नूंह और झज्जर चार-चार, यमुनानगर दो तथा महेंद्रगढ़, कुरूक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद और चरखी दादरी में एक-एक मौत होने की बुलेटिन में पुष्टि की गई है।