

मुंबई। देश में कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 10,425 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या सोमवार रात बढ़कर सात लाख के पार पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों में कमी दर्ज की गयी है।
राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गयी और इस दौरान 12,300 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 5.14 लाख के पार पहुंच गयी है यानि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 73 फीसदी से अधिक हो गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 7,03,823 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। इस दौरान 329 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 22,794 हो गयी है। राज्य में अब तक स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 5,14,790 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ 73.14 प्रतिशत पहुंच गयी जो सोमवार को 72.46 फीसदी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर कल के 3.23 प्रतिशत पर ही बनी रही।
राहत की असली वजह यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 2205 की कमी दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,65,921 रही जो सोमवार को 1,68,126 थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है।