

मुंबई। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 14,361 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या शुक्रवार रात बढ़कर 7.48 लाख के करीब पहुंच गयी लेकिन चिंता की बात यह है कि इसके साथ ही सक्रिय मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गयी है।
राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ मामलों में भी गिरावट दर्ज की गयी और इस दौरान 11,607 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 5.43 लाख के पार पहुंच गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 7,47,929 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। इस दौरान 331 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 23,775 हो गयी है। राज्य में अब तक स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 5,43,170 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक बढ़ोत्तरी के साथ 72.62 प्रतिशत रह गई जो गुरुवार को 72.46 फीसदी रह गयी थी। इससे पहले मंगलवार को यह 73.14 प्रतिशत पहुंच गयी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर कल के 3.19 फीसदी से घटकर 3.17 प्रतिशत रह गयी।
राज्य में आज सक्रिय मामलों में दो हजार से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,80,718 रही जो गुरुवार को 1,78,234 थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है। देश में सबसे अधिक सक्रिय मामले (मरीज) भी इसी राज्य में हैं।