

मुंबई। देश में कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 14,492 मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या शनिवार रात बढ़कर 6.62 लाख के करीब पहुंच गयी लेकिन चिंता की बात यह है कि सक्रिय मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गयी है।
राज्य में इस दौरान 9,241 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 4.80 लाख के पार पहुंच गयी है यानि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 72 फीसदी के करीब पहुंच गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 6,61,942 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। इस दौरान 297 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 21,995 हो गयी है। राज्य में अब तक स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 4,80,114 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ 72.53 फीसदी पहुंच गयी जो शुक्रवार को 71.62 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर आंशिक गिरावट के साथ 3.32 प्रतिशत पर आ गई।
चिंता की असली वजह यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 4,954 की वृद्धि दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,69,516 रही जो शुक्रवार को 1,64,562 थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है।