

मुंबई। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 17,433 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार रात बढ़कर सवा आठ लाख के पार पहुंच गयी लेकिन चिंता की बात यह है कि इसके साथ ही सक्रिय मामलों में भी 3100 से अधिक की वृद्धि दर्ज की गयी है।
राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों में भी गिरावट दर्ज की गयी तथा इस दौरान 13,959 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या छह लाख के करीब पहुंच गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 8,25,739 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं तथा 292 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 25,195 हो गयी है। राज्य में स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 5,98,496 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज 72.48 फीसदी पहुंच गयी जो मंगलवार को 72.31 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 3.05 फीसदी रह गयी।
राज्य में आज 3,180 मरीजों की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या आज दो लाख के पार 2,01,703 पहुंच गयी जो मंगलवार को 1,98,523 रही थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है। देश में सबसे अधिक सक्रिय मामले (मरीज) भी इसी राज्य में हैं।