

मुंबई। देश में कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 8,493 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या सोमवार रात बढ़कर 6.04 लाख के पार पहुंच गयी तथा इस दौरान रिकॉर्ड 11,391 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 4.28 लाख से अधिक हो गयी लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71 फीसदी के करीब पहुंच गयी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 6,04,358 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। इस दौरान 228 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 20,265 हो गयी है। राज्य में इस अवधि में स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 4,28,514 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ बढ़कर 70.90 फीसदी हो गयी जो रविवार को 70 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.35 प्रतिशत पर आ गई।
राहत की एक और बात यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 3,127 की कमी दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,55,268 रही जो रविवार को 1,58,395 रही थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है।