

मुंबई। देश में कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 9,211 रिकॉर्ड मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार रात बढ़कर चार लाख के पार पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह भी है कि मरीजों की रिकवरी दर में निरंतर सुधार जारी है जिसके कारण स्वस्थ लोगों की संख्या 2.39 लाख से अधिक हो चुकी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 4,00,651 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। इस दौरान 298 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 14,463 हो गयी है। राज्य में इस अवधि में 7478 लोग रोगमुक्त हुए हैं जिसके बाद स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 2,39,755 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ बढ़कर 59.84 फीसदी पहुंच गयी जो मंगलवार को 59.34 फीसदी रही थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.60 प्रतिशत पर आ गई।
सूत्रों के मुताबिक राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,44,694 रही जो सोमवार को 147592 रही थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है।