Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कश्मीर के मुद्दे पर माफी मांगे कांग्रेस : शाहनवाज हुसैन - Sabguru News
होम Breaking कश्मीर के मुद्दे पर माफी मांगे कांग्रेस : शाहनवाज हुसैन

कश्मीर के मुद्दे पर माफी मांगे कांग्रेस : शाहनवाज हुसैन

0
कश्मीर के मुद्दे पर माफी मांगे कांग्रेस : शाहनवाज हुसैन

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।

हुसैन ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस ने कश्मीर से धारा 370 हटाने का विरोध किया। कश्मीर को लेकर दुनियाभर में देश के खिलाफ दुष्प्रचार करके भ्रम फैलाया। यहां तक कि पाकिस्तान के नेताओं ने कांग्रेस के नेताओं के बयानों का हवाला देकर भारत के बारे में काफी दुष्प्रचार किया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र संघ में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयानों का हवाला दिया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कश्मीर में स्थिति पूरी तरह शांत है। कल ही कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने को 100 दिन हुए हैं। वहां अब आजादी के बाद से सबसे ज्यादा शांति है। अभी वहां 20 हजार 711 स्कूल खुले हैं। 99़ 8 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षाएं दी हैं। परीक्षाओं में इतनी उपस्थिति अन्य शांत राज्यों में भी नहीं होती है। एक भी किलो सेब खराब नहीं हुआ है। किसान खुश हैं। कश्मीर में डीजल पेट्रोल की पिछले वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक खपत हुई है। 93 हजार 247 लैंडलाइन और मोबाइल सेवाएं शुरु हो गई हैं। 195 थाना क्षेत्र में धारा 144 हटा ली गई है।

हुसैन ने कहा कि वहां लोगों में कोई निराशा नहीं है, बल्कि कश्मीर की स्थिति से वे ही लोग निराश हैं जो भ्रम फैला रहे हैं और दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केेंद्र सरकार ने देश की दो पुरानी समस्याओं अनुच्छेद 370 और राममंदिर की समस्या सुलझा दी हैं। अयोध्या में राममंदिर का मसला नेहरुजी के समय लेकर राजीव गांधी तक कांग्रेस ने उलझाए रखा।

नौ नवम्बर को पूरा देश एकजुट हो गया। हिंदुओं और मुसलमानों में साैहार्द्र बना रहा। उन्होंने कहा कि 99 प्रतिशत मुसलमान सुप्रीमकोर्ट फैसले के पक्ष में हैं, लेकिन कांग्रेस और ओवैसी जैसे कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि असुद्दीन ओवैसी को मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड में किस हैसियत से शामिल किया गया है जबकि केवल धार्मिक गुरु ही इसके सदस्य होते हैं। ओवैसी धार्मिक गुरु नहीं हैं।

हुसैन ने कहा कि एनआरसी देशभर में लागू होकर रहेगा। जो बांग्लादेशी घुसपैठिये हैं, उन्हें जाना होगा। जो भारतीय हैं उन्हें डरने की जरूरत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत में गरीबी रेखा के नीचे बहुत से लोग हैं, जिसमें मुस्लिम समाज भी शामिल हैं, हम उनकी चिंता करेंगे या बांग्लादेश आए लोगों की। हमें अपने मुल्क हिंदुस्तान से मोहब्बत है। बांग्लादेश के लोग वीजा पर आएं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कि अगर मैं भी सऊदी अरब इस्लामिक देश में चला जाऊं और वीजा की अवधि समाप्त हो जाए तो वहां मुझे कोई नहीं रखेगा।

हुसैन ने महाराष्ट्र में सरकार बनाने के सम्बन्ध में पूछे गए सवाल पर कहा कि हमने जनता को फड़नवीस को मुख्यमंत्री बनाने का वचन दिया था, जबकि शिवसेना ने अपने कार्यकर्ताओं को वचन दिया था किसी शिवसैनिक को मुख्यमंत्री बनाने का। वे अपने उसी एजेंडे पर अमल कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि उसे बताना चाहिए कि वह शिवसेना के नारों जय शिवाजी, जय भवानी और जय सावरकर का समर्थन करेगी।

हुसैन ने कहा कि देश में इलेक्ट्रॉल बांड के बारे में कांग्रेस भ्रम फैला रही है। यह चुनाव सुधार के लिए उठाया गया कदम है, जिसे लागू करने का प्रयास किया जा रहा है।