Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
मैच गुजरात में चल रहा है और राहुल महाराष्ट्र में भांज रहे बल्ला - Sabguru News
होम Breaking मैच गुजरात में चल रहा है और राहुल महाराष्ट्र में भांज रहे बल्ला

मैच गुजरात में चल रहा है और राहुल महाराष्ट्र में भांज रहे बल्ला

0
मैच गुजरात में चल रहा है और राहुल महाराष्ट्र में भांज रहे बल्ला

कच्छ/ मोरबी/ भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘मैच गुजरात’ में चल रहा है और वे ‘महाराष्ट्र में बल्ला भांज’ रहे हैं।

चौहान ने एक दिन की गुजरात यात्रा के दौरान विधानसभा चुनावों के लिए मांडवी, अबडासा, मोरबी और भावनगर विधानसभा क्षेत्राें में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया। पहली जनसभा भाजपा प्रत्याशी अनिरुद्ध भाई दवे के समर्थन में कच्छ जिले के मांडवी में हुई।

इसके बाद उन्होंने इसी जिले की अबडासा विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह जाडेजा के समर्थन में सभा को अपने ही अंदाज में संबोधित किया। तीसरी सभा मोरबी जिले की मोरबी विधानसभा में प्रत्याशी कांति लाल अमृतिया के समर्थन में और चौथी सभा भावनगर विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी जितेंद्र सावजी भाई वाघवानी के समर्थन में हुई।

चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी गजब हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता जूझ रहे हैं और उनके नेता राहुल गांधी महाराष्ट्र में पदयात्रा कर रहे हैं। इसी तरह उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कल्पवृक्ष की तरह बताया और कहा कि उनके समक्ष कोई भी मांग की जाती है, तो वह पूरी हो जाती है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बबूल और कांग्रेस नेता गांधी खरपतवार की तरह हैं।

चौहान ने गांधी के वीर सावरकर को लेकर ताजा बयान का जिक्र करते हुए उनकी निंदा की। उन्होंने कहा कि गांधी ने वीर सेनानी के खिलाफ बोलकर देश के वीरों का अपमान किया है। देश इस बात के लिए गांधी को माफ नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि देश की आजादी क्या सिर्फ नेहरू परिवार की देन थी। इस देश के लिए अनगिनत लोगों ने अपना सब कुछ न्यौछावर किया है।

चौहान ने मोदी के नेतृत्व में देश में पिछले सात आठ सालों में हुए विभिन्न कार्यों के अलावा गुजरात में हुए विकास कार्यों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इन सब वजहों से गुजरात में भाजपा की सरकार एक बार फिर इस राज्य की जनता के समर्थन से बनेगी। वहीं कांग्रेस और आप का संघर्ष राज्य में ‘नंबर दो’ पर आने के लिए होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरअसल कांग्रेस की जो हालत हो गई है, वह उसके कार्यों के कारण ही हुई है। इस दल ने हमेशा विकास और विकास कार्यों का विरोध किया। मध्यप्रदेश में भी इस दल ने यही किया। इन कारणों से अब लोगों ने कांग्रेस से किनारा कर लिया है। अब इन दलों को भाजपा के खिलाफ कुछ नहीं मिल रहा है, तो ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर उन्हें कोसने का कार्य करते हैं।