Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
CWG 2018 : भारतीय महिलाओं ने ‘सुपर संडे’ पर बरसाया सोना
होम Breaking CWG 2018 : भारतीय महिलाओं ने ‘सुपर संडे’ पर बरसाया सोना

CWG 2018 : भारतीय महिलाओं ने ‘सुपर संडे’ पर बरसाया सोना

0
CWG 2018 : भारतीय महिलाओं ने ‘सुपर संडे’ पर बरसाया सोना
CWG 2018 day 4 : India with 3rd gold on Super Sunday, indian women defeat singapore in table tennis
CWG 2018 day 4 : India with 3rd gold on Super Sunday, indian women defeat singapore in table tennis
CWG 2018 day 4 : India with 3rd gold on Super Sunday, indian women defeat singapore in table tennis

गोल्ड कोस्ट। भारतीय महिला खिलाड़ियों युवा निशानेबाज मनु भाकर, भारोत्तोलक पूनम यादव और महिला टेबल टेनिस टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन रविवार को भारत की झोली में तीन स्वर्ण पदक डाल दिए, भारत ने इसके अलावा एक रजत और दो कांस्य पदक भी जीते, भारत अब पदक तालिका में सात स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य सहित 12 पदक जीत कर पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

भारत की महिला बैडमिंटन टीम मिश्रित टीम स्पर्धा के फ़ाइनल में पहुंच गई है। भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने अपने अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को मजबूत कर लिया। पांच बार की विश्व चैंपियन और ओलम्पिक पदक विजेता महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने सेमीफाइनल में पहुंच कर अपना पहला राष्ट्रमंडल पदक पक्का कर लिया है।

भारतीय निशानेबाजी की नई सनसनी 16 साल की मनु भाकर ने करिश्माई प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि अनुभवी निशानेबाज हीना सिद्धू ने ने इस स्पर्धा में रजत और रवि कुमार ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। सानिया शेख महिला स्कीट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं।

भारत की पूनम यादव ने भारोत्तोलकों के स्वर्णिम अभियान को जारी रखा और महिलाओं के 69 किग्रा भार वर्ग में देश को स्वर्ण पदक दिला दिया जबकि विकास ठाकुर ने पुरूषों के 94 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता लेकिन सीमा 75 किग्रा में छठे स्थान पर रह गईं।

मणिका बत्रा के जबरदस्त खेल से भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए मजबूत सिंगापुर को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय टीम ने एक ही दिन में अपने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले जीत कर पहली बार टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 3-0 से से और फाइनल में सिंगापुर को 3-1 से हराया।

पुरुष हॉकी में एसवी सुनील के 59 वें मिनट में किये गए निर्णायक गोल की मदद से गत उप विजेता भारत ने वेल्स की कड़ी चुनौती पर 4-3 से काबू पाते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। महिला हॉकी टीम ने गजब का प्रदर्शन करते हुए विश्व की नंबर दो टीम और ओलम्पिक चैंपियन इंग्लैंड को 2-1 से हराकर तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफइनल की अपनी उम्मीदें कायम रखीं।

भारतीय बैडमिंटन टीम ने अपने विजय अभियान को आगे बढ़ाते हुए सिंगापुर को 3-1 से हराकर मिश्रित टीम बैडमिंटन स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत का फाइनल में गत चैंपियन मलेशिया से सोमवार को मुकाबला होगा। विश्व के दूसरे नंबर के पुरूष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और महिला एकल में सायना नेहवाल ने जीत में अहम भूमिका निभाई।

पांच बार की विश्व चैंपियन, ओलम्पिक पदक विजेता और एशियाई चैंपियन महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने 45-48 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच कर अपना पहला राष्ट्रमंडल खेल पदक पक्का कर लिया है। 75 किग्रा वर्ग में भारत के विकास कृष्णन क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं।

भारतीय पदक विजेताओं को पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित 21 वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पदक विजेताओं को आज बधाई दी। मोदी ने भारोत्तोलकों को दिए बधाई संदेश में कहा कि आर वेंकट राहुल द्वारा स्वर्ण जीतने पर हमें गर्व है। मुझे उम्मीद है कि हमारे भारोत्तोलकों की उत्कृष्ट सफलता से भारोत्तोलन के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि भारोत्तोलन के 69 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने पर देशवासियों की ओर से पूनम यादव को बधाई। भारोत्तोलन के क्षेत्र में पूनम का समर्पण काबिले-तारीफ है।

निशानेबाजों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे निशानेबाज 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। मनु भाकर ने 10 मीटर महिला एयर पिस्टल स्पर्धा में अपना फॉर्म बरकरार रखते हुए स्वर्ण पदक जीता है। उन्हें बधाई।

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में हीना सिद्धू के 10 मीटर महिला एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लिखा है कि हीना को बधाई और भविष्य के लिए मंगलकामनाएं।

प्रधानमंत्री ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में नवोदित निशानेबाज रवि कुमार को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है कि प्रत्येक भारतीय उनकी (रवि) सफलता पर गर्व महसूस करता है। इस युवा निशानेबाज ने खेल के क्षेत्र में बेहतरीन योगदान किया है।