Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Deendayal Upadhyaya's statue inaugurated in Dhankya-गरीब के लिए काम कर रही सरकार : वसुंधरा राजे - Sabguru News
होम Rajasthan Jaipur गरीब के लिए काम कर रही सरकार : वसुंधरा राजे

गरीब के लिए काम कर रही सरकार : वसुंधरा राजे

0
गरीब के लिए काम कर रही सरकार : वसुंधरा राजे

जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलकर गांव और गरीब के उत्थान के लिए काम कर रही है।

राजे बुधवार को जयपुर के पास धानक्या गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक के लोकार्पण समारोह में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल ने राजनीति को नई दिशा दी। वह सिद्धांतविहीन राजनीति के खिलाफ थे। राजे ने कहा कि हमें गर्व है कि एकात्म मानववाद जैसा महान् विचार देने वाले दीनदयाल ने अपना बचपन तथा शुरूआती जीवन राजस्थान में गुजारा।

उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमारी सरकार ने धानक्या में एक राष्ट्रीय स्मारक को बनाने का काम किया है। स्मारक में पंडित दीनदयाल के जीवन के विभिन्न पहलुओं, उनके विचारों, उनके दर्शन तथा भारतीय राजनीति में उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसरपर केन्द्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि धानक्या के रेलवे स्टेशन के समीप की भूमि जहां इस स्मारक के निर्माण के लिए रेलवे ने उपलब्ध कराई है, उसकी आवश्यक सारसंभाल तथा विकास के काम में रेलवे यथासंभव सहयोग करेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पण्डित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अन्त्योदय जैसे सिद्धान्तों के आधार पर भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल के नाम पर धानक्या में राज्य सरकार ने जो राष्ट्रीय स्मारक बनाने का काम किया है वहां एकात्म मानववाद और अंत्योदय पर शोध केन्द्र भी विकसित किया जाना चाहिए। जहां विद्यार्थी इन दोनों महान सिद्धान्तों पर शोध एवं अध्ययन कर सकें तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचा सकें।

राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकारसिंह लखावत ने बताया कि करीब साढ़े छह करोड़ रूपए की लागत से निर्मित इस राष्ट्रीय स्मारक में पंडित दीनदयाल की पन्द्रह फुट ऊंची गनमेटल की प्रतिमा स्थापित की गई है।

इस मौके केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़, केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्यमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, प्रदेश के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, पर्यटन राज्यमंत्री कृष्णेन्द्र कौर, कंवल प्रकाश किशनानी तथा अन्य कई मंत्री एवं सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।