

मुरैना । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी दीपक बावरिया ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं का जमीनी स्तर पर कोई पता नहीं।
कल यहां कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बावरिया ने कहा कि पिछले सालों में मुख्यमंत्री ने जनहित कार्यों से संबंधित करीब बारह हजार घोषणाएं की, लेकिन इनमें से ग्यारह हजार आठ सौ का कोई अता-पता नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जो योजनाएं संचालित हो भी रही हैं, उनका लाभ आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
बावरिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इन दिनों निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लाेगों को ठग कर ये यात्रा निकल रहे हैं, लेकिन जनता अब सब कुछ जान चुकी है। बावरिया ने आरोप लगाया कि भाजपा के राज में अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाओं के साथ होने वाले दुष्कर्म की घटनाएं सर्वाधिक निंदनीय हैं।