Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ओली में जवानों के साथ मनाया दशहरा - Sabguru News
होम Breaking रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ओली में जवानों के साथ मनाया दशहरा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ओली में जवानों के साथ मनाया दशहरा

0
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ओली में जवानों के साथ मनाया दशहरा

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को उत्तराखंड के ओली में सशस्त्र सेनाओं तथा भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों के साथ विजयादशमी मनाई और शस्त्र पूजा की।

सिंह ने उत्तराखंड की यात्रा के दूसरे दिन जवानों के साथ विजयादशमी मनाने के बाद कहा कि सशस्त्र सेनाओं और अर्धसैनिक बलों के जवानों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही देश में सुरक्षा तथा आर्थिक प्रगति सुनिश्चित हुई है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि समूचे देश को हमारे जवानों की क्षमताओं और बाहरी खतरों से देश की रक्षा में उनके योगदान को लेकर गर्व तथा विश्वास है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित माहौल के चलते ही देश आर्थिक विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए प्रगति के नए आयाम हासिल कर रहा है।

गलवान घाटी में जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत समूचे विश्व को परिवार की तरह मानने के सिद्धांत में विश्वास रखता है लेकिन यदि कोई बाहरी व्यक्ति हमारे देश पर गलत नजर लगाता है तो हम उसका मुंहतोड़ जवाब देते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की बहादुरी के कारण ही दुनिया भारत के बढ़ते महत्व को पहचान रही है और देश अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर निर्णय लेने वाले प्रमुख देशों में शामिल है अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज सुनी जाती है।

रक्षा मंत्री ने शस्त्र पूजा के महत्व तथा परंपरा का भी उल्लेख किया और कहा कि भारतीय संस्कृति एकजुटता में विश्वास रखती है। रक्षा मंत्री ने जवानों के साथ बातचीत की और विजयादशमी समारोह में शामिल हुए जवानों ने इस मौके पर देशभक्ति के गीत भी गाए। इस मौके पर सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।