

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मास्को से लौटते समय ईरान की राजधानी तेहरान में रूकेंगे जहां वह अपने ईरानी समकक्ष अमीर हतामी से मुलाकात करेेंगे।
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए तीन दिन की यात्रा पर मास्को गये सिंह ने आज खुद इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने टि्वटर पर कहा कि मास्को से तेहरान रवाना हो रहा हूं। वहां मैं ईरान के रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल अमीर हतामी से मुलाकात करूंगा। सिंह ने शुक्रवार को चीन के रक्षा मंत्री जनरल वी फेंगही के साथ मुलाकात की थी।
इसके बाद उन्होंने कजाकिस्तान के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल नुरलान येरमेकबायेव, ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्री कर्नल जनरल शेराली मिरजो और उज्बेकिस्तान के रक्षा मंत्री मेजर जनरल कुरबानोव बाखोदिर के साथ भी अलग अलग द्विपक्षीय बैठक की है। सिंह ने तीनोंं रक्षा मंत्रियों के साथ रक्षा संबंधों तथा रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढाने के विभिन्न आयामों पर चर्चा की।