Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Demand to celebrate Women's Safety Day in Rajya Sabha - Sabguru News
होम Breaking राज्यसभा में उठी नारी सुरक्षा दिवस मनाने की मांग

राज्यसभा में उठी नारी सुरक्षा दिवस मनाने की मांग

0
राज्यसभा में उठी नारी सुरक्षा दिवस मनाने की मांग
Demand to celebrate Women's Safety Day in Rajya Sabha
Demand to celebrate Women's Safety Day in Rajya Sabha
Demand to celebrate Women’s Safety Day in Rajya Sabha

नई दिल्ली। महिलाओं के खिलाफ यौन अपराध की बढती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर रोक लगाने के उद्देश्य से लोगों को जागरूक बनाने के लिए देश भर में नारी सुरक्षा दिवस या सप्ताह मनाने की मांग आज राज्यसभा में की गई।

जनता दल यू की कहकशां प्रवीन ने शून्यकाल में यह मामला उठाते हुए कहा कि महिलाओं के साथ दुखद अपराधों का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। इन घटनाओं के कारण देश और समाज में आक्रोश है लेकिन केन्द्र और राज्य सरकारों के तमाम उपायों के बावजूद इस तरह की घटनाएं रूक नहीं रही हैं।

उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने के लिए स्वच्छता मिशन के तहत एक मुहिम चलाये जाने की जरूरत है। शिक्षक दिवस, डॉक्टर्स डे और फादर्स डे जैसे दिवसों के आयोजन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि साल भर में एक दिन या एक सप्ताह को नारी सुरक्षा दिवस या सप्ताह के रूप में मनाया जाना चाहिए। इसके तहत पंचायत के स्तर से लेकर मुख्यालय और उच्च स्तर पर विभिन्न आयोजन कर लोगों को नारी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाया जाना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के सत्य नारायण जटिया ने सीवर, कुंओं तथा ऊंचे टावरों पर जान का जोखिम लेकर काम करने वाले असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को संगठित क्षेत्र के श्रमिकों के समान सुरक्षा अधिकार तथा मुआवजा दिये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश भर में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की पुण्य तिथि मनायी जा रही है और इस माैके पर इन श्रमिकों को समान सुरक्षा अधिकार देकर बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

कांग्रेस के पी एल पूनिया ने बाल श्रमिकों के उत्थान के लिए कार्य योजना बनाये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में 15 करोड़ से अधिक बाल श्रमिक हैं। अकेले भारत में 7 से 8 करोड़ बच्चे शिक्षा के अधिकार से वंचित हैं जिनमें से एक करोड़ मजदूरी करते हैं। नेपाल से बड़ी संख्या में इस तरह के बच्चों को तस्करी के जरिये लाया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को इनके उत्थान के लिए एक कार्य योजना बनानी चाहिए।

बीजू जनता दल के ससमित पात्रा ने समय समय पर प्राकृतिक आपदाओं से ग्रस्त ओडिशा की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में हाल ही में फोनी चक्रवाती तूफान के कारण 24 हजार करोड़ रूपये का नुकसान हुआ। उन्होंने ओड़िशा और आपदा ग्रस्त अन्य राज्यों के लिए विशेष राज्य के दर्जे की तर्ज पर राहत उपायों और मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए केन्द्र को 90 फीसदी तथा राज्यों को 10 फीसदी राशि देने की व्यवस्था करनी चाहिए।

कांग्रेस के मधुसूदन मिस्त्री ने सांसदों की विकास निधि को समय से जारी किये जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के लिए सांसद निधि से विकास कार्यों के लिए उन्हें जारी की जानी वाली निधि अब तक नहीं दी गयी है। उन्होंने 5 करोड़ रूपये के विकास कार्यों की योजना विभिन्न विभागों को सौंपी है लेकिन राशि जारी नहीं होने के कारण ये कार्य आगे नहीं बढ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह आगामी अप्रैल में सेवानिवृत हो जायेंगे इसलिए यह राशि तुरंत जारी की जानी चाहिए।

आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने मध्य प्रदेश में हाई स्कूल की एक पुस्तक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बारे में अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल का मुद्दा उठाते हुए दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि एक पुस्तक में सुबुद्धि और कुबुद्धि की विशेषता बताते हुए कुबुद्धि को शराबी, मंदबुद्धि और दुष्ट प्रवृति का बताया गया है। उसकी तुलना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से की गयी है। उन्होंने कहा कि यह शर्मसार करने वाला मामला है।

कांग्रेस के पी भट्टाचार्य ने 1974 के भारत बंगलादेश सीमा समझौते के तहत दोनों देशों की कुछ बस्तियों की अदला बदली से संबंधित विवाद का मुद्दा उठाया। इन बस्तियों की अदला बदली को लेकर वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बंगलादेश की प्रधानमंत्री के बीच सहमति बनी थी।

कांग्रेस के जी सी चंद्रशेखर ने उच्च राष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों में स्थानीय छात्रों के लिए 25 फीसदी सीटें आरक्षित किये जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय बच्चे प्रतिस्पर्धी प्रतियोगियों में शहरी बच्चों का मुकाबला नहीं कर पाते और उन्हें उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश नहीं मिल पाता। उनके लिए 25 फीसदी सीट आरक्षित की जानी चाहिए।

कांग्रेस के हुसैन दलवाई ने किसानों को बैंकों द्वारा कर्ज नहीं दिये जाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में इस वर्ष जनवरी से मार्च तक 600 से अधिक किसानों ने आर्थिक तंगी और फसलों के नुकसान के कारण आत्महत्या की है। उन्होंने प्राकृतिक कारणों से काम ठप होने के लिए मच्छीमार समाज की मदद करने का भी अनुरोध किया।

भाजपा के के. जे. अलफांसो ने स्कूली शिक्षा में बच्चों में रटने की प्रवृति पर चिंता जताते हुए कहा कि अभिभावकों का भी जोर बच्चों के अंकों की प्रतिशत बढाने पर ही रहता है। उन्होंने शिक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि बच्चों में सपने देखने की प्रवृति होनी चाहिए और इसके लिए परिवार और समाज को भी आगे आना चाहिए।
कांग्रेस के अबिर रंजन विश्वास ने रेलवे की दिनों दिन खस्ता हो रही हालत का उल्लेख किया और अारोप लगाया कि सरकार इसे बर्बाद करने में लगी है। रेलवे को 100 रूपये कमाने के लिए 98 रूपये खर्च करने पड़ रहे हैं।

भाजपा के विजय गोयल ने विशेष उल्लेख के तहत दिल्ली मेट्रो का मामला उठाते हुए कहा कि इसके स्टेशन ‘सुसाइड स्पोट ’ बन गये हैं। दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर 46 लोगों ने अब तक आत्महत्या की है। ब्लू लाइन पर इस तरह की सबसे अधिक घटनाएं होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्लेटफार्मों पर स्क्रीन डोर लगाये जाने की मांग की।

मनोनीत सोनल मानसिंह ने नयी शिक्षा नीति में सांस्कृतिक धरोहरों के समावेश की मांग की। उन्होंने कहा कि नयी शिक्षा नीति के लिए गठित समिति में कला और संस्कृति क्षेत्र से किसी हस्ती को शामिल नहीं किया गया है। कला और संस्कृति क्षेत्र के विशेषज्ञ को भी इस समिति में शामिल करने की उन्होंने मांग की।