
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि उत्तरप्रदेश में लखीमपुर खीरी घटना के बाद पीड़ितों से मिलने के लिए जा रहे कांग्रेस नेताओं को रोका गया जबकि अन्य दलों के प्रतिनिधिमंडल को लखीमपुर खीरी जाने दिया गया, लोकतंत्र में इस प्रकार का व्यवहार भारतीय जनता पार्टी सरकार की फासिस्ट प्रवृत्ति को दर्शाता है, इसकी निंदा की जानी चाहिए।
गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह खेद का विषय है कि उत्तरप्रदेश सरकार ने तृणमूल कांग्रेस(टीएमसी) व अन्य पार्टियों के प्रतिनिधिमंडल को लखीमपुर खीरी जाने दिया लेकिन उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी एवं महासचिव प्रियंका गांधी एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित कांग्रेस नेताओं को छत्तीस घंटों से अधिक समय से गैर कानूनी हिरासत में रखा हुआ है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार का व्यवहार भाजपा सरकार की फासिस्ट प्रवृत्ति को दर्शाता है। सभी दलों द्वारा इसकी निंदा की जानी चाहिए।