Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ डेरा सच्चा सौदा, श्रद्धालु तिरंगे के साथ खूब थिरके - Sabguru News
होम Breaking देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ डेरा सच्चा सौदा, श्रद्धालु तिरंगे के साथ खूब थिरके

देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ डेरा सच्चा सौदा, श्रद्धालु तिरंगे के साथ खूब थिरके

0
देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ डेरा सच्चा सौदा, श्रद्धालु तिरंगे के साथ खूब थिरके

सिरसा। हरियाणा में सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में सोमवार को वार्षिक आयोजन में आस्था का सैलाब उमड़ा। इस सैलाब ने तिरंगे झंडों से डेरा क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। आज यहां जुटे अनुयायियों में लाखों की संख्या में तिरंगे झंडे का नि:शुल्क वितरण हुआ।

वार्षिक आयोजन डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहिम सिंह के 55वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रखा गया था। सबसे पहले डेरा प्रमुख की माता नसीब कौर ने सभी पारिवारिक सदस्यों के साथ तिरंगा फहराया। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहिम सिंह के जेल जाने के बाद पहली बार देश विदेश से भारी तादाद में अनुयायी यहां जुटे थे। देशभक्ति के गानों पर उपस्थित लाखों श्रद्धालु तिरंगे के साथ खूब थिरके।

इस वार्षिक समारोह में गुरूभक्ति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। भारी जनसैलाब उमडऩे से सिरसा-भादरा रोड़ सहित इसके साथ लगते संपर्क मार्ग कई घंटों जाम रहे। सुरक्षा की दृष्टि से डेरा की ग्रीन एस वैलफेयर फोर्स के महिला व पुरूष जवानों की जगह-जगह तैनात की गई थी। कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर देश-विदेश में डेरा अनुयायियों ने मात्र एक दिन में 37 लाख 30 हजार 462 पौधों का रोपण किए।

गौरतलब है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहिम सिंह ने सुनारिया जेल से तीन रोज पहले एक चिट्ठी जारी कर अपने अनुयायियों से केंद्र सरकार द्वारा मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव की मुहिम में शामिल होते हुए अपने घरों, गाडिय़ों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा स्थापित कर उसे सेल्यूट कर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्त वीर जवानों का अभिनंदन का आह्वान किया था,जिस पर अम्ल करते हुए आज यहां भारी तादाद में श्रद्धालु उमड़े थे।

इसके अलावा आज डेरा की ओर से अपने मानवता भलाई कायों की कड़ी में 140वें कार्य के रूप में ‘संस्कृति कोर’ को जोड़ते हुए गौरक्षा का संकल्प डेरा अनुयायियों को दिलवाया गया। डेरा की ओर से इस मुहिम का आगाज सिरसा शहर की सभी गौशालाओं में हजारों गऊओं के लिए हरा चारा और फीड के थैले भेजकर किया गया।

वहीं 155 परिवारों को राशन, अनाथ मातृ-पितृ सेवा मुहिम के तहत 15 जरूरतमंद बुजुर्गों को राशन व खाद्य सामग्री, केयर फॉर इनोसेंट मुहिम के तहत 15 गरीब बच्चों का उपचार करवाया और पौष्टिक आहार दी गई। शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल में आयोजित जन कल्याण परमार्थीं चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा हजारों लोगों की नि:शुल्क जांच व दवाई भी दी गई।

इस दौरान एक वीडियो के जरिये डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहिम सिंह ने फरमाया कि सत्संग, सेवा, सुमिरन तीन ऐसी बातें हैं, जो आत्मा के लिए बेहद जरूरी हैं। इन्सान का मन जब अहंकारी हो जाता है, गुरूर, घमंड करने लग जाता है तो इन्सान दुनियादारी में, राम नाम में पिछड़ जाता है।